
कटनी. नगर निगम में इ पालिका प्रणाली आज तक शुरू नहीं हो पाई है। डेढ़ साल से अधिक समय से नगरीय प्रशासन विभाग की ओर नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारियों को पेपर लैस वर्क के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उसके बाद भी अधिकारी, कर्मचारी अपनी आइडी में काम नहीं कर पा रहे हैं। शासन की मंशानुसार नगरीय निकायों में 18 सेवाओं को ऑनलाइन प्रदान करना था और उसके लिए अधिकारी, कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाना था। अभी तक दो सेवाएं ही निगम में ऑनलाइन हुई हैं और उनका भी पूरी तरह से लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है और कर्मचारियों की जगह वेंडर काम कर रहे हैं। नगर निगम में पिछले डेढ़ साल से अधिकारी, कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के लिए विभाग से कर्मचारी भी मिले हुए हैं। उसके बाद भी अभी तक निगम की सेवाएं न तो ऑनलाइन हो पाई हैं और न ही अधिकारी पेपर लैस वर्क कर पा रहे हैं। उल्टे नगर निगम ने मस्टर पर १३ कर्मचारियों की भर्ती की थी, जिनको हर माह डेढ़ लाख के लगभग का भुगतान किया जा रहा था। उसमें से कुछ लोगों को लगभग एक सप्ताह पूर्व बाहर भी किया गया है।
भवन अनुज्ञा को कर पाए ऑनलाइन
नगर निगम में अभी तक भवन अनुज्ञा का काम ही ऑनलाइन सेवा में शामिल हैं। उसका लाभ भी पूरी तरह से लोगों को नहीं मिल पा रहा है। टैक्स जमा करने के लिए भी निगम ने कुछ क्षेत्रों में काम किया है लेकिन उसमें भी पूरे टैक्स ऑनलाइन जमा नहीं हो पा रहे हैं। निगम के विभागों में सिर्फ अकाउंट का काम ही पेपर लैस है। शेष में अधिकारी, कर्मचारी प्रशिक्षकों के होने के बाद भी कम्प्यूटर का काम नहीं कर पा रहे हैं। जिन कर्मचारियों की मस्टर पर नियुक्ति हुई है विभागीय अधिकारी सहयोगी का नाम दे रहे हैं। पूरा काम वेंडरों के माध्यम से ही निगम संचालित करा रहा है और वेंडरों का अनुबंध भी हर छह माह में बढ़ाया जा रहा है।
लेखा शाखा भी नहीं हो पाई प्रशिक्षित
इ पालिका को लेकर निगम के हर विभाग के अधिकारी के साथ ही उसी विभाग के एक लिपिक को प्रशिक्षित किया जाना है। दूसरी ओर लेखा शाखा विभाग को पूरी तरह से पेपर लैस करना था लेकिन उसका काम भी आज तक नहीं हो पाया है।
इनका कहना है...
इ पालिका का काम अभी पूरी तरह से नहीं हो पाया है। लगातार काम कराया जा रहा है और प्रयास किया जा रहा है कि सेवाएं शासन की मंशानुसार ऑनलाइन हों। कुछ सेवाओं को ऑनलाइन किया गया है और शेष को भी जल्द से जल्द पूरा कराया जाएगा।
टीएस कुमरे, आयुक्त नगर निगम