कटनी

सड़क के लिए सड़क पर उतरे लोग, नहीं आए महापौर तो किया ये काम…

शिवाजी नगर के आक्रोशित लोगों ने निकाली रैली, नगर निगम गेट पर किया प्रदर्शन, महापौर को गुलाब के साथ सौंपा ज्ञापन
2 min read
• •
Updated: 6 Sep 2018, 12:09 PM IST
Shivaji Nagar residents rally
Shivaji Nagar residents rally

कटनी. नगर निगम के वार्ड क्रमांक 4 की शिवाजी नगर की दलदल बनी सड़क का सुधार न होने का आक्रोश बुधवार पर शहर की सड़कों में देखने को मिला। कॉलोनी से महिला, पुरुष, बच्चे निगम के खिलाफ नारेबाजी करते सड़कों पर निकले और नगर निगम के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के साथ एक घंटे तक मार्ग जाम रहा और लोग महापौर से ही चर्चा करने में अड़ेे रहे। महापौर शशांक श्रीवास्तव के पहुंचने पर लोगों ने गुलाब के साथ उन्हें ज्ञापन सौंपा और गुरुवार से ही सड़क के सुधार का कार्य प्रारंभ होने के आश्वासन के बाद लोग वापस लौटे।
कॉलोनी गेट से शुरू हुई रैली
शिवाजी नगर में बदहाल सड़क व मूलभूत सुविधाएं न होने से परेशान लोगों ने कुछ दिन पूर्व ही जनप्रतिनिधियों के कॉलोनी में प्रवेश न करने का बोर्ड लगाकर आक्रोश जताया था। उसके बाद भी ध्यान न देने पर बुधवार को रैली निकालकर क्रमिक अनशन शुरू करने की चेतावनी दी गई थी। दोपहर को कॉलोनी के सैकड़ों लोग नारेबाजी करते हुए नगर निगम गेट पहुंचे। लोग महापौर व नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। इस बीच निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे लेकिन कॉलोनीवासी उनसे बात करने को तैयार नहीं हुए। प्रदर्शन को समर्थन देने कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष गुमान सिंह व चीनी चेलानी पहुंचे लेकिन लोगों ने उन्हें वापस लौटा दिया।
आयुक्त को भी लौटाया, सड़क पर बैठे
लोग महापौर को ही ज्ञापन सौंपने की बात पर अड़े रहे और उनके न आने पर गेट के बाहर ही सड़क पर बैठ गए। जिससे दोनों ओर जाम लग गया। इस बीच आयुक्त टीएस कुमरे पहुंचे लेकिन उनको भी वापस लौटा दिया गया। लोगों की समस्या को लेकर नगर निगम अध्यक्ष संतोष शुक्ला भी मिलने पहुंचे और लोगों के साथ बैठ गए। रास्ता जाम होने की जानकारी लगने पर कोतवाली थाना प्रभारी शैलेष मिश्रा बल के साथ पहुंचे और लोगों से सड़क छोडऩे का आग्रह किया लेकिन उनका कहना भी लोगों ने नहीं माना। लगभग एक घंटे बाद महापौर श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे, जिनको शिवाजी नगर निवासियों ने गुलाब के साथ सड़क सुधार व मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। महापौर ने लोगों से कहा कि कॉलोनी को वैध करने की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। इससे पहले सड़क को सुधार के लिए गुरुवार से ही काम प्रारंभ कराने का आश्वासन उन्होंने दिया। जिसके बाद लोग वापस लौटे।

Published on: