कटनी

स्वच्छ सर्वेक्षण-2025: कटनी को टॉप-3 में लाने भोपाल की टीम ने लिया जायजा

केपीएमजी की भोपाल-जबलपुर टीम ने किया निरीक्षण, वॉटर प्लस 5-स्टार सर्टिफिकेट पर है फोकस
2 min read
Feb 28, 2026
Swachhata
Swachhata

कटनी. शहरों और नगरों को स्वच्छ बनाने के लिए सरकार और नगरीय निकाय करोड़ों रुपये खर्च कर रहे हैं, लेकिन अपेक्षित परिणाम अभी तक पूरी तरह सामने नहीं आ पाए हैं। कटनी नगर निगम अब तक देश में नंबर-1 का दर्जा हासिल नहीं कर सका है। हालांकि, आगामी अप्रेल माह में संभावित स्वच्छ सर्वेक्षण-2025 को लेकर नगर निगम, नगर परिषदों और नगर पंचायतों में तैयारियां तेज हो गई हैं।
शुक्रवार को भोपाल से केपीएमजी कंपनी की टीम कटनी पहुंची। इसमें भोपाल और जबलपुर कंसलटेंट की संयुक्त टीम शामिल रही, जिसने स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर स्वच्छ सर्वेक्षण-2025 और वॉटर प्लस 5-स्टार सर्टिफिकेट की तैयारियों की नब्ज टटोली। टीम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शहर और नगरीय निकाय सर्वेक्षण के सभी मानकों पर खरे उतरें।

किया इन स्थलों का निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान शहर की समग्र स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया गया। कचरा संग्रहण, कचरे का निष्पादन और प्रसंस्करण, एमएचडब्ल्यू प्लांट, एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) और डब्ल्यूटीपी (वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट) की स्थिति को बारीकी से देखा गया। टीम ने एसटीपी और डब्ल्यूटीपी का भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके साथ ही कैमोर नगर परिषद का भी निरीक्षण किया गया, ताकि पूरे जिले को बेहतर रैंकिंग दिलाई जा सके।

यह रहा है पूर्व का परिणाम

उल्लेखनीय है कि स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 का परिणाम वर्ष 2025 में जारी हुआ था, जिसमें कटनी ने देश में आठवां और प्रदेश में नौवां स्थान प्राप्त किया था। इस बार लक्ष्य और भी ऊंचा रखा गया है। नगर निगम टॉप-3 और टॉप रैंकिंग में शामिल होने की रणनीति पर काम कर रहा है। वर्ष 2024-25 में ओडीएफ प्लस प्लस का सर्वेक्षण किया गया था। अब वॉटर प्लस श्रेणी के लिए आवेदन किया गया है, जिसमें 5-स्टार सर्टिफिकेट हासिल करने के लिए निकाय स्तर पर व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया जा रहा है। अधिकारियों को उम्मीद है कि अप्रैल माह में होने वाले सर्वेक्षण में कटनी स्वच्छता के नए मानक स्थापित करेगा।

Updated on:
28 Feb 2026 07:45 am
Published on:
28 Feb 2026 07:45 am