कुठला थाना क्षेत्र के इंद्रानगर में बने आइएचएसडीपी योजना के मकान में मिला रक्तरंजित शव, शराब पीने के दौरान विवाद में हत्या की आशंका
कटनी. कुठला थाना क्षेत्र के इंद्रानगर में नगर निगम द्वारा बनाए गए आइएचएसडीपी योजना के खाली पड़े भवन में बुधवार की सुबह एक युवक का रक्तरंजित शव पड़ा होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना स्थल पर युवक के पास ही बड़ा सा पत्थर पड़ा था, जिसे सिर में पटककर हत्या की गई है। घटना की जानकारी लगते ही सीएसपी सहित कुठला थाना का बल मौके पर पहुंच गया। जानकारी के अनुसार इंद्रानगर में नगर निगम ने आइएचएसडीपी योजना के तहत मकान बनवाए हैं। सुबह एक मकान के बरामदे में लोगों ने युवक का रक्तरंजित शव देखा। थोड़ी ही देर में मौके पर भीड़ लग गई और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर सीएसपी एमपी प्रजापति कुठला थाना के बल के साथ पहुंचे और स्थल का निरीक्षण किया। युवक के सिर पर बड़ा सा पत्थर पटककर हत्या की गई थी। मृतक की शिनाख्त कराई गई तो उसकी पहचान नदीपार मुक्तिधाम रोड निवासी बबली उर्फ बबलू कोल 35 वर्ष के रूप में की गई।
यहां होटलों, लॉज में अपराधी ठहर रहे की शरीफ, पुलिस को नहीं जानकारी...
दो युवकों के साथ देखा गया था मृतक
स्थल पर ही शराब पीने की सामग्री पड़ी थी, जिसको देखकर अनुमान लगाया गया कि रात को नशा करते समय हुए विवाद में युवक की हत्या की गई है। पुलिस ने शव का जिला अस्पताल में पीएम कराया और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। बताया जाता है कि रात को युवक दो अन्य साथियों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। जिनको पुलिस ने पकड़ लिया है, हालांकि देर शाम तक पुलिस ने मामले का खुलासा नहीं किया था। कुठला थाना प्रभारी विपिन सिंह ने बताया कि मामले में संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।