खरगोन

ओंकारेश्वर दर्शन करने जा रहे युवकों की कार पुलिया से नीचे गिरी, 2 की मौत, 6 घायल

अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 30 फीट नीचे गिरी SUV कार, इंदौर के रहने वाले थे युवक

2 min read
Oct 08, 2023
kargone.jpg

खरगोन. खरगोन में एक SUV कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी। कार में 8 लोग सवार थे जिनमें से दो युवकों की मौत हो गई जबकि 6 युवक घायल हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिस पुलिया पर ये हादसा हुआ उस पर रेलिंग नहीं है रात के वक्त जैसे ही कार पुलिया से नीचे गिरी तो तेज आवाज हुई जिसे सुनकर स्थानीय लोग भागकर मौके पर पहुंचे। लोगों ने कार में सवार सभी लोगों को गाड़ी के शीशे और दरवाजे तोड़कर बाहर निकाला।

पुलिया से 30 फीट नीचे गिरी कार
बताया जा रहा है कि इंदौर के रहने वाले करीब 20 युवक अलग अलग गाड़ियों से ओंकारेश्वर में महाकाल के दर्शन करने के लिए जा रहे थे। युवकों ने ओखला में ओखलेश्वर हनुमान के दर्शन किए और फिर वहां से खंडवा जिले के ओकारेश्वर में महाकाल के दर्शन करने के लिए तीन अलग अलग गाड़ियों से रवाना हुए। इसी दौरान बडवाह के काटकूट मार्ग पर ग्राम बरझर के पास तेज रफ्तार SUV कार अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 30 फिट नीचे गिर गयी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गाड़ी नीचे गिरने के बाद कई बार पलटी खा कर उलट गई थी। जिसे ग्रामीणों ने सीधा कर कांच और दरवाजा तोड़कर उसमें फंसे 8 लोगों को बाहर निकाला और पीछे आ रहे दूसरे युवकों के वाहनों से अस्पताल पहुंचाया।


2 की मौत, 6 युवक घायल
हादसे में घायल हुए युवकों को उनके साथी गाड़ियों से लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां कुणाल नाम के युवक को डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद ही इलाज के दौरान आकाश जाट नाम के युवक की भी मौत हो गई। जबकि 6 अन्य युवकों की हालात भी फिलहाल गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया। मृत युवक आकाश व कुणाल इंदौर के रहने वाले थे और सभी घायल युवक भी इंदौर के ही रहने वाले हैं।
देखें वीडियो- रोड पर चलती कार में लगी आग

Published on:
08 Oct 2023 08:15 pm