कोलकाता

Abhishek Banerjee PA: होर्डिंग विवाद में अभिषेक बनर्जी के पीए सुमित रॉय को फिर नोटिस, 7 सितंबर को पुलिस करेगी पूछताछ

Camac Street Hoarding Row: कोलकाता पुलिस ने होर्डिंग विवाद में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित रॉय को फिर पूछताछ के लिए बुलाया है। उन्हें 7 सितंबर को शेक्सपियर सरणी थाने में उपस्थित होने का नोटिस दिया गया है।
2 min read
Sep 05, 2026
Abhishek Banerjee PA
अभिषेक बनर्जी और सुमित रॉय। फाइल फोटो- पत्रिका

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित रॉय को कैमैक स्ट्रीट स्थित पार्टी कार्यालय से कथित अवैध होर्डिंग हटाने को लेकर हुए विवाद और झड़प के मामले में कोलकाता पुलिस ने फिर पूछताछ के लिए बुलाया है। शनिवार को शेक्सपियर सरणी थाने की पुलिस टीम सुमित रॉय के घर पहुंची और उन्हें नया नोटिस दिया। नोटिस में उन्हें 7 सितंबर को दोपहर 12 बजे शेक्सपियर सरणी थाने में उपस्थित होने को कहा गया है।

सुमित रॉय से दूसरी बार पूछताछ

इस मामले में सुमित रॉय से दूसरी बार पूछताछ होगी। इससे पहले 2 सितंबर को वे इसी थाने पहुंचे थे, जहां उनसे कई घंटे तक पूछताछ की गई थी। इस सप्ताह की शुरुआत में अभिषेक बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ'ब्रायन से भी होर्डिंग विवाद को लेकर शेक्सपियर सरणी थाने में पूछताछ की गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना को लेकर तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इनमें एक शिकायत शेक्सपियर सरणी थाने के एक अधिकारी, पार्क स्ट्रीट थाने के एक अधिकारी और तीसरी कोलकाता नगर निगम के एक अधिकारी ने दर्ज कराई है।

पार्टी कार्यालय तुरंत खाली करने का निर्देश

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस सप्ताह की शुरुआत में सुमित रॉय से शेक्सपियर सरणी थाने के अधिकारी की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी के संबंध में पूछताछ की गई थी। अब 7 सितंबर को उनसे नगर निगम अधिकारी की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी के मामले में पूछताछ की जाएगी। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब एक दिन पहले पश्चिम बंगाल अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस गुट को कैमैक स्ट्रीट स्थित पार्टी कार्यालय तुरंत खाली करने का निर्देश दिया था।

तृणमूल कार्यकर्ताओं ने किया था विरोध

विभाग ने भवन में पर्याप्त अग्नि सुरक्षा इंतजाम नहीं होने की बात कही है। साथ ही भवन की सातवीं और आठवीं मंजिल खाली कराने का आदेश दिया है। इसकी सूचना भवन मालिक को भी दी गई है। 27 अगस्त को उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी, जब नगर निगम के कर्मचारी पुलिस के साथ कैमैक स्ट्रीट स्थित पार्टी कार्यालय पर लगे होर्डिंग को हटाने पहुंचे थे। आरोप है कि अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ'ब्रायन और अन्य पार्टी नेताओं के नेतृत्व में मौजूद तृणमूल कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया।

धक्का-मुक्की और झड़प हुई

इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झड़प हुई। शेक्सपियर सरणी थाने में दर्ज प्राथमिकी में पुलिस ने आरोप लगाया है कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और एक महिला पुलिस अधिकारी की मर्यादा भंग करने की कोशिश की। तीन में से दो प्राथमिकी में अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ'ब्रायन, हुमायूं कबीर और वैश्वानर चटर्जी को आरोपी बनाया गया है। इस मामले में अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Updated on:
05 Sept 2026 09:48 pm
Published on:
05 Sept 2026 09:48 pm
Also Read
View All
‘राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाना जरूरी है,बच्चों को गुमराह किया जा रहा है’, बंगाल में RSS द्वारा चलाए जाने वाले एक हजार स्कूल खोलने पर अग्निमित्रा पॉल ने दिया बयान

खतरनाक समुद्री इलाकों में भारतीय नाविकों पर अब रहेगी ‘डिजिटल नजर’, DGMA ने लॉन्च किया नया ट्रैकिंग सिस्टम

Bageshwar Dham: धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का ममता बनर्जी पर तंज, ‘वरदान-श्राप दे पाता तो पाकिस्तान को भस्म कर देता’

Dhirendra Shastri: बंगाल में गीता पाठ के बीच धीरेंद्र शास्त्री ने रखीं 3 मांगें, बोले- गलियों में दंगे नहीं, हर-हर गंगे होना चाहिए

‘जो खो चुके हैं, उसे वापस लाएंगे’ मिथुन का बड़ा दांव, बंगाल की सियासत में अब संस्कृति के रास्ते BJP का नया नैरेटिव