कोलकाता

Dhirendra Shastri: बंगाल में गीता पाठ के बीच धीरेंद्र शास्त्री ने रखीं 3 मांगें, बोले- गलियों में दंगे नहीं, हर-हर गंगे होना चाहिए

Dhirendra Shastri In Bangal: बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पश्चिम बंगाल में तीन बड़ी मांगें रखीं। उन्होंने गंगासागर मेले को राष्ट्रीय मेला घोषित करने और गोमाता को राज माता का दर्जा देने की मांग की।
2 min read
Sep 04, 2026
Dhirendra Shastri
बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री। फोटो- आईएएनएस

Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल में पहली बार गीता पाठ करने पहुंचे बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के सामने तीन बड़ी मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि गंगासागर मेले को राष्ट्रीय मेला घोषित किया जाए, गोमाता को राज माता का दर्जा दिया जाए और काली पूजा के दौरान गलियों-मोहल्लों में होने वाले छोटे-छोटे दंगे बंद होने चाहिए। अब हर-हर गंगे होना चाहिए। पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि भारत हिंदू राष्ट्र तो है ही, बस विचारों में घोषित होने की आवश्यकता है। उसके लिए हम बंगाल आए हुए हैं। आप जैसे बुद्धिमान लोग हिंदुत्व विचारधारा का समर्थन करेंगे तो भारत हिंदू राष्ट्र विचारों में भी परिवर्तन होकर रहेगा।

'हमें आने से रोका था, रही होगी कोई मजबूरी'

पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर उन्होंने कहा कि हम साधु हैं, कोई नेता नहीं। हम संदेश क्यों देंगे? उनको भी कहेंगे कि कथा में आप भी पधारें। उस वक्त कथा नहीं हो पाई, आपको सुनने का मौका नहीं मिला। भगवान अब मौका दे रहा है। कथा सबकी है, राम सबके हैं, कृष्ण सबके हैं, काली सबकी हैं। बस यही तो हम बताने आए हैं। हमें आने से रोका था, रही होगी कोई मजबूरी। युवाओं को लेकर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि युवा देश की ताकत हैं। उनके पास गति है तो निश्चित रूप से देश की प्रगति होगी।

कहानी से समझाई बात

उन्होंने कहा कि एक कहानी अक्सर सुनाई जाती है कि एक हवाई जहाज के पायलट ने घोषणा की कि दो खबरें हैं, एक अच्छी और एक खराब। अच्छी खबर यह है कि हवाई जहाज पहले के मुकाबले तेज गति से उड़ रहा है और दुख वाली बात यह है कि वह कहां जा रहा है, इसका पता नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान युवा पीढ़ी का भी यही हाल है। वे तेज जा रहे हैं, लेकिन कहां जा रहे हैं, इसका पता नहीं है। प्रत्येक माता-पिता, अभिभावक, गुरु, मंदिर और मदरसे का यह कर्तव्य है कि आज की पीढ़ी, जेन-जी और आने वाली सभी पीढ़ियों को ऐसे संस्कार दिए जाएं कि वे राम प्रेमी और राष्ट्र प्रेमी बन सकें।

उन्होंने कहा कि युवा सड़कों पर निकलने के बजाय विद्यालयों और विश्वविद्यालयों में जाएं, वहां पढ़ाई करें, जीवन को सफल बनाएं और देश को भव्य बनाएं। पश्चिम बंगाल की वर्तमान सरकार को लेकर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि यह सनातनी सरकार है। उन्होंने कहा कि हम अपनी बात आपके माध्यम से ही पहुंचा सकते हैं। अब आप मुख्यमंत्री बने हैं तो इस प्रदेश की जनता का पूरा ध्यान आप पर है। प्रदेश की भावनाओं की कद्र करना आपके ऊपर है।

Updated on:
04 Sept 2026 09:23 pm
Published on:
04 Sept 2026 09:23 pm