कोलकाता

शनिवार बना ऐतिहासिक दिन, पश्चिम बंगाल में बनी भाजपा की पहली सरकार

शनिवार पश्चिम बंगाल के लिए ऐतिहासिक दिन बन रहा है, जब राज्य में भाजपा की पहली सरकार बनेगी। राज्य के लोगों को जो परिवर्तन चाहिए था, वो आखिरकार आ गया। लोगों को उम्मीद है कि सुरक्षा, विकास और मानव केंद्रित नीतियों के आधार पर काम होगा।

2 min read
May 09, 2026
शनिवार पश्चिम बंगाल के लिए ऐतिहासिक दिन बन गया

शनिवार पश्चिम बंगाल के लिए ऐतिहासिक दिन बन गया, जब राज्य में भाजपा की पहली सरकार बन गई। राज्य के लोगों को जो परिवर्तन चाहिए था, वो आखिरकार आ गया। लोगों को उम्मीद है कि सुरक्षा, विकास और मानव केंद्रित नीतियों के आधार पर काम होगा। लोगों के लिए खुशी का दिन है। लोग इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए उत्साहित नजर आए।

नई सरकार के गठन का रास्ता साफ

पश्चिम बंगाल में एक अहम घटनाक्रम के तहत राज्यपाल आरएन रवि ने राज्य की विधानसभा को भंग करने का महत्वपूर्ण आदेश गुरुवार को जारी कर दिया। यह आदेश 7 मई से प्रभावी हो गया। इसके साथ ही राज्य में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया। राज्यपाल ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 174 के खंड (2) के उपखंड (ख) में निहित शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए यह निर्णय लिया। लोक भवन, कोलकाता द्वारा जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, राज्यपाल ने अपनी संवैधानिक शक्तियों का उपयोग करते हुए राज्य विधानसभा को भंग कर दिया। इस संवैधानिक कार्रवाई के बाद राज्य में नई सरकार के गठन की कवायद तेज हो गई है। निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के रुख ने राजनीतिक स्थिति को जटिल बना दिया था। उन्होंने कहा था कि वे लोक भवन जाकर इस्तीफा नहीं देंगी। वे चुनाव में हारी नहीं हैं, बल्कि उन्हें साजिश के तहत हराया गया है। जबकि राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा ने प्रचंड जीत दर्ज करते हुए तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत कर दिया है। बारिश होने की संभावना के बीच समारोह के लिए महानगर के ब्रिगेड ग्राउंड में तैयारियां चल रही हैं। समारोह नौ मई को सुबह 10 बजे से होगा। पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, कई केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री इस शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित रहेंगे।

पार्टी विधायक दल की बैठक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में पार्टी विधायक दल की बैठक शुक्रवार को शाम 4 बजे न्यूटाउन स्थित विश्वबांग्ला कन्वेंशन सेंटर में होगी। पार्टी विधायक दल की बैठक में नवनिर्वाचित विधायक सर्वसम्मति से अपना नेता चुनेंगे, जो पश्चिम बंगाल के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, अमित शाह शुक्रवार को यहां पहुंचे। बंगाल में भाजपा का कौन पहला मुख्यमंत्री बनेगा, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं। शाह इशारा कर चुके हैं कि राज्य का मुख्यमंत्री स्थानीय और जो बांग्ला बोलता हो वही होगा। केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में शाह और सह-पर्यवेक्षक के रूप में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री और कैबिनेट के नामों पर अंतिम रूप देंगे। सूत्रों के अनुसार, शुभेंदु अधिकारी सीएम पद के प्रबल दावेदारों में से एक हैं। उन्होंने इस बार ममता को उनके गढ़ भवानीपुर में शिकस्त देकर अपनी दावेदारी और मजबूत की है।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान बारिश के आसार

पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में गुरुवार सुबह से बीते 24 घंटे के भीतर मध्यम बारिश दर्ज की गई और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य में शनिवार को बादलों की गरज के साथ वर्षा का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। राज्य में शनिवार को ही भाजपा की नई सरकार शपथ लेगी। इसी दिन ब्रिगेड परेड ग्राउंड में कई केंद्रीय मंत्रियों तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजक) शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में 13 मई तक बारिश और गरज के साथ पानी बरसने के आसार हैं।

Also Read
View All