कोलकाता

कोलकाता में महिला डॉक्टर रेप-हत्या मामले का विरोध तेज,आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

कोलकाता के सरकारी अस्पताल में महिला डॉक्टर रेप-हत्या मामले का विरोध तेज हो गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को पूरे देश में डॉक्टर आंदोलन पर उतर आए। आंदोलन-प्रदर्शन में राज्यभर के चिकित्सकों के शामिल होने से राज्य में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह से प्रभावित रहीं।

2 min read
Aug 17, 2024
कोलकाता में महिला डॉक्टर रेप-हत्या मामले का विरोध तेज,आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

डॉक्टर रहे हड़ताल पर, स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह से प्रभावित

कोलकाता के सरकारी अस्पताल में महिला डॉक्टर रेप-हत्या मामले का विरोध तेज हो गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को पूरे देश में डॉक्टर आंदोलन पर उतर आए। आंदोलन-प्रदर्शन में राज्यभर के चिकित्सकों के शामिल होने से राज्य में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह से प्रभावित रहीं।
प्रेसीडेंसी कॉलेज से लेकर विभिन्न कॉलेजों के छात्रों ने श्यामबाजार तक मशाल जुलूस निकाला। उन्होंने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। जबकि दक्षिण कोलकाता जिला कांग्रेस नेतृत्व ने अस्पताल में हुई तोडफ़ोड़ की कड़ी निंदा की। समर्थकों ने दक्षिण कोलकाता के जदुबाबू बाजार के सामने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाया। कांड में न्याय की मांग को लेकर हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं ने आंदोलनरत मेडिकल छात्रों से मुलाकात की। श्यामबाजार पंचमाथा चौराहे से करीब 35 फीट का विशाल राष्ट्रीय ध्वज लेकर वे अस्पताल पहुंचे।

चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफलता

हाथों में झंडे और पोस्टर थामे एसयूसीआई (सी) कार्यकर्ताओं ने चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफलता के लिए राज्य सरकार की आलोचना की। एसयूसीआई (सी) के एक नेता ने कहा कि आरजी कर अस्पताल में हुई तोडफ़ोड़ ने साबित कर दिया कि राज्य सरकार ने महिला चिकित्सक की हत्या से अभी तक कोई सबक नहीं लिया है। हड़ताल का विरोध करने वाली तृणमूल कांग्रेस की अगुवाई वाली राज्य सरकार ने यह सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए ताकि जनजीवन प्रभावित न हो। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा था कि उनकी सरकार हड़ताल का समर्थन नहीं करती है।

बुनियादी ढांचे और जांच में खामियों का खुलासा

राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने आरोप लगाया कि अस्पताल में अपराध स्थल के पास अचानक मरम्मत कार्य किया गया जिससे यह आशंका है कि सबूतों के साथ छेड़छाड़ करने के लिए वहां मरम्मत कार्य किया गया। आयोग ने कहा कि पुलिस को तुरंत अपराध स्थल को सील कर देना चाहिए था। एनसीडब्ल्यू ने इस घटना के संबंध में अपनी रिपोर्ट में सुरक्षा, बुनियादी ढांचे और जांच में खामियों का खुलासा किया। आयोग को मामले की जांच के दौरान पता चला कि घटना के दौरान वहां कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था, जिससे रात्रि पाली के दौरान ड्यूटी पर आए चिकित्सक, इंटर्न और नर्सों को पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी गई। समिति ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि अस्पताल में महिला चिकित्सा कर्मचारियों के लिए बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव था, जिसमें खराब रखरखाव वाले शौचालय, रोशनी की अपर्याप्त व्यवस्था और सुरक्षा उपायों का भी पूर्ण अभाव था।

पीडि़ता के लिए न्याय की मांग

बॉलीवुड कलाकारों ऋतिक रोशन, आलिया भट्ट, करीना कपूर खान व कृति सेनन ने बलात्कार-हत्या मामले में पीडि़ता के लिए न्याय की मांग की और इस घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे चिकित्सकों के प्रति एकजुटता प्रकट की। ऋतिक ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि समाज के प्रत्येक नागरिक को ‘समान रूप से सुरक्षित’ महसूस कराने के लिए अब भी एक लंबा रास्ता तय करना है। हमें एक ऐसा समाज बनाने की जरूरत है जहां हम सभी समान रूप से सुरक्षित महसूस करें लेकिन, इसमें कई दशक लगेंगे।

Published on:
17 Aug 2024 04:49 pm
Also Read
View All

अगली खबर