
बैकुंठपुर। एमसीबी जिले के जनकपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम च्यूल में शनिवार की दोपहर एक भालू कुएं में गिर गया था। ग्रामीण ने कुएं में गिरे भालू (Bear fell into the well) को देखा, इसके बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कुएं में गिरे भालू को सीढ़ी लगाकर बाहर निकाला। भालू के बाहर निकलते ही अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। इसके बाद भालू ने 14 वर्षीय किशोर व 2 महिलाओं को दौड़ा-दौड़ाकर काटा। इसमें तीनों घायल हो गए। घायल किशोर को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मनेंद्रगढ़ वनमंडल के जनकपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम च्यूल में शनिवार को एक भालू कुएं में गिर गया था। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे रेस्क्यू कर बाहर निकाला। कुएं से सुरक्षित बाहर निकलने के बाद भालू ने अचानक 3 लोगों पर हमला (Bear attack on 3 villagers) कर दिया। इसमें एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि 2 महिलाओं को हल्की चोटें आईं।
घायल प्रदीप सिंह (14) को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं मुन्नी बाई (50) व बाल कुमारी (65) को हल्की चोटें आईं। उन्हें उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बताया जा रहा है कि ग्राम च्यूल निवासी राकेश के घर स्थित कुएं में एक भालू गिर गया था। कुएं में सीढ़ी डालकर भालू (Bear rescue) को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
बाहर निकलते ही भालू बेकाबू हो गया और रिहायशी इलाके की ओर भागते हुए ग्रामीणों पर हमला कर दिया। वन विभाग ने घायल किशोर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। साथ ही पीडि़त परिवार को 10 हजार तात्कालिक सहायता राशि दी गई है।
ग्रामीण मनोज कुमार बालंद ने बताया कि वन विभाग की टीम रेस्क्यू कर रही थी और कुछ लोग भालू का वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान भालू उनपर हमला कर दिया। मानमती ने बताया कि पहले भालू कुएं में गिरा था। उसे सीढ़ी के सहारे बाहर निकाला गया, लेकिन बाहर आते ही वह दौड़ते आया और उसके भाई पर हमला (Bear attack case) कर दिया।
ग्रामीण नंदलाल ने बताया कि वन विभाग के कर्मचारियों के साथ मौके पर मौजूद थे। भालू कुएं से निकलने के बाद दीवार पर चढऩे की कोशिश कर रहा था। उसी दौरान कुछ लोग वीडियो बना रहे थे। दीवार पर चढऩे के दौरान अचानक भालू नीचे गिरा, फिर उठकर रिहायशी क्षेत्र की ओर भागा और लोगों पर हमला कर दिया।
इस संबंध में जनकपुर रेंजर अतुल तिवारी का कहना है कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। पार्क परिक्षेत्र का स्टाफ पहले से रेस्क्यू की तैयारी में जुटा था। ग्रामीणों को घरों से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी गई थी।
रेस्क्यू के दौरान भालू दीवार फांदकर निकलने का प्रयास कर रहा था, लेकिन सफल नहीं हुआ। इसी बीच कुछ ग्रामीणों ने अपने घरों के दरवाजे खोल दिए। इसी बीच भालू (Bear in MCB) दूसरी ओर से रिहायशी क्षेत्र में पहुंचा और सामने आए लोगों पर हमला कर दिया।