
बैकुंठपुर। 17 वर्षीय छात्रा पूजा पैंकरा की 8 जुलाई को आत्महत्या (Pooja Painkra Suicide case) मामले में कोरिया जिले की बैकुंठपुर पुलिस ने आईसी मार्ट (सुपर बाजार) बैकुंठपुर के संचालकों के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है। आईसी मार्ट संचालकों द्वारा छात्रा पूजा व उसकी छोटी बहन पर चोरी का आरोप लगाकर उनकी स्कूटी छीन ली गई थी। प्रताडऩा से तंग पूजा पैकरा ने घातक कदम उठा लिया था। इस मामले में एक आरोपी विनोद वैद को राजस्थान से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जबकि पुलिस ने फरार आरोपी जगत कुमार वैद, उसके पुत्र दीपक वैद और भतीजी सारिका वैद पिता विनोद वैद निवासी फव्वारा चौक बैकुंठपुर के ऊपर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। अब आरोपियों की चल-अचल संपत्ति कुर्की की कार्रवाई करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि प्रकरण में फरार आरोपी जगत वैद व उसके पुत्र दीपक वैद को पकडऩे पहले 5 हजार इनाम घोषित किया गया था। अब इनाम की राशि बढ़ाकर 10 हजार कर दी गई है। पुलिस (Koria police) ने कहा है कि फरार आरोपियों की सूचना देने वाले व्यक्ति को इनाम की राशि दी जाएगी और पहचान गोपनीय रखी जाएगा।
वहीं दूसरी ओर आरोपियों की चल-अचल संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई करने जमीन-जायदाद की पहचान की गई है। पुलिस ने विशेष न्यायालय (एससी-एसटी एक्ट) को प्रतिवेदन प्रस्तुत कर धारा 84 के तहत उद्घोषणा करने गुजारिश की है। गौरतलब है कि प्रकरण में विनोद वैद पिता स्व इंद्रचंद वैद (55), जगत कुमार वैद पिता स्व. इंद्रचंद वैद (55), दीपक वैद पिता जगत कुमार वैद (30) के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
जांच (Suicide case investigation) में सारिका वैद पिता विनोद वैद निवासी फव्वारा चौक बैकुंठपुर कोरिया को भी आरोपी बनाया गया है। अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी जगत कुमार, पुत्र दीपक और भतीजी सारिका फरार हैं। पुलिस जगह-जगह उनकी तलाश कर रही है।
कोरिया पुलिस आरक्षक शिवनाथ सिंह की बेटी पूजा पैकरा (17) स्कूटी में सवार होकर अपनी छोटी बहन के साथ 7 जुलाई को आईसी मार्ट (सुपर बाजार) खरीदारी करने गई थी। इस दौरान संचालकों ने चोरी का आरोप लगा छात्रा सहित उसकी बहन को रोक लिया था। चोरी गए सामान की सूची बनवाई और उस पर दोनों बहनों का हस्ताक्षर भी कराया। यही नहीं, संचालकों ने उनकी स्कूटी भी छीन ली थी।
जब पिता स्कूटी लेने पहुंचा तो उससे 50 हजार रुपए की डिमांड की गई थी। इसके अगले ही दिन छात्रा पूजा पैंकरा ने पुलिस क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में पुलिस ने आईसी मार्ट को सील कर विवेचना में लिया था। वहीं आरोपी संचालकों के खिलाफ धारा 296, 107, 308(2), 309(4), एसटी-एससी एक्ट की धारा 3(2)(पांच) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।