कोटा

चारे के कट्टों के पीछे छुपा रखा ​था ढाई करोड़ रुपए का 17 ​क्विंटल डोडा चूरा, इन्दौर से पंजाब ले जा रहा था

उप नारकोटिक्स आयुक्त कार्यालय कोटा के निवारक दल ने गुप्त सूचना के आधार पर मंडाना टोल नाके पर एक ट्रक को जब्त कर उसमें पशुचारा के कट्टों के पीछे छुपाकर रखे 86 कट्टों में भरा करीब पौने दो टन डोडा चूरा बरामद किया।

less than 1 minute read
Jul 11, 2024
चारे के कट्टों के पीछे छुपा रखा​था ढाई करोड़ रुपए का 17 ​क्विंटल डोडा चूरा

मादक पदार्थों की बरामदगी और तस्करों की धरपकड़ अभियान के तहत उप नारकोटिक्स आयुक्त कार्यालय कोटा के निवारक दल ने गुप्त सूचना के आधार पर मंडाना टोल नाके पर एक ट्रक को जब्त कर उसमें पशुचारा के कट्टों के पीछे छुपाकर रखे 86 कट्टों में भरा करीब पौने दो टन डोडा चूरा बरामद किया।

सहायक नारकोटिक्स आयुक्त जबरसिंह राजपुरोहित ने बताया कि अधीक्षक रंजना पाठक के नेतृत्व में मंडाना टोल नाके पर नारकोटिक्स टीम ने सूचना के अनुसार ट्रक आने पर उसे रोका और तलाशी ली तो पाया कि ट्रक में पशु चारे के पीछे कट्टों में डोडा चूरा भरकर ले जाया जा रहा था। इस पर टीम ने 86 कट्टों में भरा 1724 किलो 200 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया। टीम ने ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया।

नारकोटिक्स टीम की पूछताछ में आरोपी पंजाब निवासी जसवंत सिंह ने बताया कि वह इन्दौर से डोडा चूरा लेकर पंजाब जा रहा था। बरामद ट्रक भी आरोपी के नाम ही है। आरोपी से अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ करने के लिए उसे शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। बरामद डोडा चूरे की अनुमानित कीमत करीब ढाई करोड़ रुपए आंकी गई है। निवारक दल में निरीक्षक अभिमन्यु शर्मा, जीएस खान, पंकज कुमार, विक्रम कुंडु, नरवीर, अजय सिंह, उप-निरीक्षक जाकिर हुसैन, जयेन्द्र कुमार, मुकेश राठौड, रामगोपाल वर्मा समेत अन्य अन्य शामिल रहे।

Updated on:
12 Jul 2024 07:17 am
Published on:
11 Jul 2024 08:12 pm
Also Read
View All

अगली खबर