कोटा

Kota: 42 गोवंश को भीलवाड़ा से महाराष्ट्र ले जा रहे 6 तस्कर गिरफ्तार, मिस्त्री के पास आई लग्जरी कार से कर रहे थे एस्कॉर्ट

Kota Police Action: कोटा में चेचट पुलिस और डीएसटी टीम ने 42 गोवंश को भीलवाड़ा से महाराष्ट्र ले जा रहे 6 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कंटेनर से 42 गोवंश बरामद किए जिनमें 1 मृत बछड़ा भी शामिल था।
2 min read
Aug 14, 2026
kota cow smugglers arrested
गिरफ्तार तस्करों का फोटो: पत्रिका

6 Interstate Cattle Smuggler Arrested: ऑपरेशन रूट क्लीयरेंस अभियान के तहत चेचट पुलिस और डीएसटी टीम ने गौवंश तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 6 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 42 गौवंश को सुरक्षित मुक्त कराया है।

थानाधिकारी उत्तम सिंह ने बताया कि पुलिस और डीएसटी टीम ने एटलेन टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी कर रखी थी। मोड़क की तरफ से आ रही एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया तो चालक तेज गति से भगा ले गया। पुलिस ने कार को डिटेन कर उसमें सवार तस्करों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि उनके पीछे एक ट्रक कंटेनर आ रहा है, जिसको वे एस्कॉर्ट कर रहे हैं।

कुछ समय बाद मोड़क की तरफ से आ रहे उक्त ट्रक कंटेनर के चालक ने पुलिस को देखकर वाहन को वापस मोड़ने का प्रयास किया तो पुलिस ने उसे रोक लिया। ट्रक कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंस कर भरे गए कुल 42 गौवंश मिले। जिनमें 10 मादा गौवंश (6 गाय व 4 बछड़ी), 31 नर गौवंश (2 सांड व 29 बछड़ा) और एक मृत बछड़ा शामिल था।

तस्करों का खुलासा और पूछताछ

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इस गौवंश को कंटेनर में भरकर गुलाबपुरा (भीलवाड़ा) से महाराष्ट्र ले जा रहे थे। पुलिस ने जीवित गौवंश को खेतड़ी हनुमान गौशाला बड़ोदिया कलां के प्रबंधक के सुपुर्द कर उनके लिए चारे-पानी की व्यवस्था करवाई है, जबकि मृत बछड़े का पोस्टमार्टम करवाया गया है। पुलिस ने मंदसौर निवासी राजा उर्फ भय्यु, महेन्द्र सिंह, सहारनपुर उत्तरप्रदेश निवासी इसरार, मोहम्मद चांद, अजमेर निवासी व निसार मोहम्मद आरिफ हुसैन को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।

कार को केकड़ी के गैराज से चोरी कर ले गया था मिस्त्री

गोवंश से भरे कंटेनर को एस्कॉर्ट करने के लिए उपयोग में लाई जा रही लग्जरी कार असल में केकड़ी के पुराने कोटा रोड स्थित एक गैराज पर मरम्मत के लिए आई थी। कार मालिक ने मंगलवार को अपनी गाड़ी आरिफ मिस्त्री के गैराज पर खड़ी की थी। कार मालिक की बिना अनुमति के मिस्त्री उस कार को चुराकर गो-तस्करों के साथ एस्कॉर्टिंग में ले गया। जब गाड़ी मालिक बुधवार सुबह गैराज पहुंचा तो ताला बंद मिला और कार गायब थी। मिस्त्री के भी घर नहीं लौटने पर मालिक ने केकड़ी शहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जिससे इस चौंकाने वाले मामले का खुलासा हुआ।

Updated on:
14 Aug 2026 10:25 am
Published on:
14 Aug 2026 10:14 am