कोटा

Amrit Bharat Train: राजस्थान सहित 4 राज्यों के लिए खुशखबरी, यह ट्रेन हुई रेगुलर; रेलवे ने जारी किए आदेश

Indian Railways: अहमदाबाद-कोटा-पटना के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन अब वीकली रेगुलर ट्रेन के रूप में संचालित की जाएगी।
2 min read
Mar 28, 2026
Amrit Bharat Train
अमृत भारत एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन। पत्रिका फाइल फोटो

कोटा। अहमदाबाद-कोटा-पटना के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन अब वीकली रेगुलर ट्रेन के रूप में संचालित की जाएगी। ट्रेन को रेगुलर करने के आदेश रेलवे बोर्ड ने जारी कर दिए हैं। कोटा में पहली बार चलने वाली यह ट्रेन अमृत भारत रैक से संचालित की जाएगी।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि रेलवे बोर्ड ने ट्रेन संचालन के लिए दोनों रेलवे जोन के अधिकारियों को अहमदाबाद-कोटा-पटना स्पेशल ट्रेन को जल्द ही नियमित संचालित करने के निर्देश दिए हैं। ट्रेन संचालन के लिए अमृत भारत का रैक आवंटित किया जाएगा।

कोटा मंडल के यात्रियों को मिलेगा लाभ

अभी तक यह ट्रेन स्पेशल ट्रेन के रूप में संचालित की जा रही थी। निकट भविष्य में अमृत भारत वीकली ट्रेन के रूप में नियमित संचालित की जाएगी। इस ट्रेन से झालावाड़ के भवानीमंडी के साथ कोटा और रामगंजमंडी के यात्रियों को भी फायदा होगा। अमृत भारत के नाम से जानी जाएगी।

कनेक्टिविटी में होगा सुधार

अहमदाबाद-कोटा-पटना अमृत भारत ट्रेन के विस्तार से क्षेत्रीय और अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा। इस ट्रेन के नियमित संचालन से यात्रियों को गुजरात, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के रास्ते सीधे पटना तक सुविधाजनक सफर का विकल्प मिलेगा। वहीं, पटना रूट पर लंबी वेटिंग की समस्या से जूझ रहे यात्रियों को भी राहत मिलेगी। इस ट्रेन में सफर करने से यात्रा का समय और परेशानी दोनों कम होंगे। यह सेवा न केवल सफर को आसान बनाएगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा और अन्य आवश्यक यात्राओं को भी अधिक सुगम और सुलभ करेगी।

यह होगा नया नाम

अहमदाबाद-कोटा-पटना रेगुलर होने के बाद यह रेल सेवा ट्रेन नंबर 21905 अहमदाबाद-कोटा-पटना अमृत भारत एक्सप्रेस के नाम से जानी जाएगी। पटना-कोटा-अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन अब ट्रेन नंबर 21906 पटना-कोटा-अहमदाबाद अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में चलेगी।

रेलवे बोर्ड की ओर से जारी किए गए नोटिफिकेशन के अनुसार हर बुधवार को शाम 6.30 पर अहमदाबाद से रवाना होगी, जबकि वापसी में यह ट्रेन पटना से हर शुक्रवार रात 10.30 पर चलेगी। अब रेलवे की ओर से ट्रेन की पूरी समय सारणी जारी की जाएगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

ट्रेन आणंद, छायापुरी, गोधरा, दाहोद, रतलाम, भवानीमंडी, रामगंजमंडी, कोटा, सवाईमाधोपुर, गंगापुर सिटी, हिंडौन सिटी, बयाना, ईदगाह (आगरा), टूंडला, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज और पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन पर रुकेगी।

Updated on:
28 Mar 2026 01:07 pm
Published on:
28 Mar 2026 12:16 pm