
राजस्थान को मिली दूसरी अमृत भारत ट्रेन की सौगात। पत्रिका फाइल फोटो
जयपुर। जोधपुर से मऊ के बीच चलने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को नया रूप और नई पहचान मिलने जा रही है। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में यह ट्रेन न सिर्फ यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाएगी, बल्कि राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी को भी नई रफ्तार देगी।
नियमित नंबरों के साथ शुरू होने जा रही यह सेवा यात्रियों के लिए सुविधाजनक विकल्प साबित होगी। जोधपुर-मऊ साप्ताहिक स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन को अब उन्नत करते हुए अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में चलाने का निर्णय लिया गया है। राजस्थान से चलने वाली यह दूसरी अमृत भारत एक्सप्रेस होगी।
जोधपुर मंडल के रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि रेलवे बोर्ड से प्राप्त निर्देशों के अनुसार ट्रेन संख्या 04823/04824 जोधपुर- मऊ जोधपुर स्पेशल को परिवर्तित करके नियमित नंबरों 14809/14810 के रूप में संचालित किया जाएगा। ट्रेन का संचालन अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त अमृत भारत एक्सप्रेस रेक से किया जाएगा। इसकी संचालन तिथि शीघ्र घोषित होने की संभावना है।
यह ट्रेन पीपाड़ रोड, गोटन, मेड़ता रोड, रेन, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी. नावा सिटी, फुलेरा, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, मंडावर महवा रोड, खेरली, नदबई, मथुरा जंक्शन, भरतपुर स्टेशन पर ठहरेगी।
हाथरस सिटी, कासगंज जंक्शन, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, अयोध्या, अयोध्या कैंट, शाहगंज, खोरासन रोड, आजमगढ़ एवं मुहम्मदाबाद स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
गाड़ी 14809 जोधपुर-मऊ अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार शाम 5 बजे जोधपुर से प्रस्थान कर सोमवार रात 11.20 बजे मऊ पहुंचेगी। गाड़ी 14810 मऊ-जोधपुर अमृत भारत एक्सप्रेस, प्रत्येक मंगलवार प्रातः 4 बजे मऊ से प्रस्थान कर बुधवार सुबह 8 बजे जोधपुर पहुंचेगी।
बता दें कि राजस्थान में पहली अमृत भारत ट्रेन अजमेर के मदार और बिहार के दरभंगा के बीच संचालित है। मदार-दरभंगा साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन की शुरूआत पिछले साल 3 अक्टूबर को हुई थी। यह ट्रेन हर शुक्रवार को मदार से रात 9:25 बजे रवाना रविवार रात 12:45 बजे दरभंगा पहुंचती है। वापसी में यह ट्रेन हर रविवार को दरभंगा से सुबह 4:15 बजे रवाना होकर सोमवार दोपहर 1:20 बजे मदार पहुंचती है।
Updated on:
25 Mar 2026 06:49 am
Published on:
25 Mar 2026 06:49 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
