कोटा

Rajasthan News : भजनलाल सरकार की बड़ी कार्रवाई, इस सीनियर कांग्रेस नेता के फार्म हाउस पर सुबह-सुबह चला डाला बुलडोज़र, चंद मिनटों में ज़मींदोज़ हुआ ‘बेशकीमती’ निर्माण 

राजस्थान में भाजपा की भजनलाल सरकार बनने के बाद किसी सीनियर कांग्रेस नेता पर ये पहली बड़ी कार्रवाई हुई है। स्थानीय प्रशासन की टीम ने भाली पुलिस बल की मौजूदगी में कांग्रेस नेता के अवैध बताए जा रहे फ़ार्म हाउस को चंद मिनटों में ज़मींदोज़ करके इस बेशकीमती सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर दिया।

2 min read
May 20, 2024

कोटा। कांग्रेस नेता अमीन पठान के कोटा में स्थित फ़ार्म हाउस पर आज सुबह-सुबह स्थानीय प्रशासन का बुलडोजर चल गया। शहर के अनंतपुरा इलाके में बने इस फ़ार्म हाउस को वन विभाग और यूआईटी की बेशकीमती भूमि पर अवैध अतिक्रमण मानकर उसे नेस्तेनाबूद कर दिया गया।

दल-बल के साथ पहुंचा दस्ता

कांग्रेस नेता के अवैध बताये गए निर्माण पर कार्रवाई करने के लिए स्थानीय प्रशासन का दस्ता आज सुबह-सुबह पूरे दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गया। यूआईटी और वन विभाग के अफसरों की मौजूदगी के साथ ही पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता तैनात रहा।

कार्रवाई करने के लिए पहुंचे दल में 4 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 8 डिप्टी व 8 थानाधिकारी के साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की मौजूदगी रही।

अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने से पहले फार्म हाउस में रखे समान को बाहर निकलवाया गया। इस कार्रवाई को प्रशासन ने किसी को कानों-कान खबर नहीं लगने दी।

जेल भी जा चुके हैं कांग्रेस नेता पठान

गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व ही, इसी मामले को लेकर वन अधिकारी को धमकी देने पर कांग्रेस महासचिव व आरसीए के पूर्व उपाध्यक्ष अमीन पठान को जेल भी जाना पड़ा था। इससे पहले वन विभाग की टीम मार्च के महीने में पठान के अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने गई थी, जिसका अमीन पठान ने विरोध जताया था।

विभाग की टीम ने अमीन पठान के खिलाफ अनंतपुरा थाने में राजकार्य में बाधा, वन भूमि पर अतिक्रमण का मामला दर्ज हुआ था। पुलिस ने 17 मार्च को अमीन पठान को गिरफ्तार किया था। अमीन पठान 16 दिन तक जेल में बंद रहे थे।

हाईकोर्ट से अमीन पठान की जमानत हुई थी। इस बीच 23 मार्च को अमीन पठान व उनके परिवार के खिलाफ डराने, बंधक बनाने का एक और मामला अनंतपुरा थाने में दर्ज हुआ था। पीड़ित ने अमीन पठान,उनकी पत्नी रजिया पठान , भांजे कालू खान के खिलाफ डराने, धमकाने बंधक बनाने की और झूठी एफआईआर दर्ज करवाने के लिए दबाव बनाने की धाराओं में मामला दर्ज करवाया था।

बेशकीमती ज़मीन अतिक्रमण मुक्त

वन विभाग और यूआईटी की इस कार्रवाई से करोड़ों कीमत की बेशकीमती ज़मीन अब अतिक्रमण मुक्त हो गई है। पठान का ये फार्म हाउस करीब 15 बीघा जमीन पर बताया। जिसे पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से तोड़ा गया। कार्रवाई सुबह 6 बजे हुई जो साढ़े 8 बजे तक जारी रही।

Updated on:
20 May 2024 10:41 am
Published on:
20 May 2024 10:38 am
Also Read
View All

अगली खबर