कोटा

निरीक्षण में मिला खामियां, दूरुस्त करने के निर्देश

Aug 15, 2026
Rajasthan

सुवासा. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ.पी. सामर ने शुक्रवार को तालेड़ा उपखंड के सुवासा स्थित आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने पाई गई कमियों को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश चिकित्सा प्रभारी को दिए।
डॉ. सामर ने अस्पताल के दवा वितरण केंद्र, एनसीडी काउंटर, वार्ड, दवा स्टोर रूम तथा ओपीडी रजिस्टर का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड संधारण, दवा उपलब्धता, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं तथा अस्पताल की कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती गर्भवती महिलाओं से भी बातचीत की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही समय-समय पर होने वाले टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा प्रसूति संबंधी सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। सीएमएचओ ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, दवा भंडारण व्यवस्था तथा मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान जिन बिंदुओं पर कमियां पाई गईं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुधारने के निर्देश चिकित्सा प्रभारी को दिए गए।
बाद में डॉ. सामर ने अस्पताल परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र पर निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कंपाउंडर भोलूलाल मेघवाल, फार्मासिस्ट जोधराज नागर, लैब टेक्नीशियन सहित अस्पताल का अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

Updated on:
15 Aug 2026 06:01 am
Published on:
15 Aug 2026 06:01 am