
एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीम ने तलाशा
झालावाड़. खेत पर कीटनाशक का छिड़काव करने के लिए नदी से पानी लेने गए किसान की पैर फिसलने से आहू नदी में डूबकर मौत हो गई। हादसा मंडावर थाना क्षेत्र के नोलाव गांव के पास मंगलवार शाम को हुआ था। एसडीआरएफ व सिविल डिफेंस की टीम ने 2 दिन की मशक्कत के बाद गुरुवार सुबह शव बरामद किया। मंडावर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नोलाव निवासी लालचन्द्र (65) पुत्र शंकर लाल कहार मंगलवार शाम को खेत पर कीटनाशक छिड़काव के लिए आहू नदी किनारे पानी लेने गए थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वे नदी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया। लगातार 2 दिन तक चले सर्च अभियान के बाद गुरुवार सुबह टीम को किसान का शव नदी से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को एसआरजी अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू की। इस रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ व सिविल डिफेंस टीम प्रभारी नरेश नागर के नेतृत्व में विजय भानु, समीर खान, मोहम्मद कैफ, दानिश खान, बंटी मीणा समेत अन्य जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।