
बारां. सांसद कार्यालय पर आगामी नगर निकाय एवं पंचायत चुनाव, हर घर तिरंगा अभियान, संत रविदास 650वीं जयंती वर्ष एवं संगठन के आगामी कार्यक्रमों को लेकर भाजपा शहर एवं देहात मंडलों की संयुक्त बैठक शहर अध्यक्ष ओपी पारेता एवं देहात अध्यक्ष अमरदीप सिंह केदाहेड़ी के नेतृत्व में संपन्न हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने कहा कि भाजपा कैडर आधारित पार्टी है, कोई प्राइवेट लिमिटेड पार्टी नहीं। संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। चुनावों को लेकर टिकट के इच्छुक कार्यकर्ताओं को भी संदेश देते हुए कहा कि प्रत्याशी का चयन वार्ड के कार्यकर्ताओं की भावना एवं संगठन की प्रक्रिया के अनुसार होगा। टिकट मिलने के बाद सभी कार्यकर्ताओं को मतभेद भुलाकर अधिकृत प्रत्याशी के साथ पूरी निष्ठा से जुटकर भाजपा को विजय दिलानी है। जिला संगठन सह प्रभारी गौरव शर्मा ने चुनाव की रणनीति पर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। प्रदेश प्रवक्ता शिवांगी सिकरवार ने कहा कि आगामी चुनाव में सभी कार्यकर्ता व्यक्तिगत मतभेदों को भुलाकर अधिकृत प्रत्याशी को अपने परिवार का सदस्य मानते हुए उसके साथ पूरी ताकत से जुटें और संगठन की विजय सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान कई पदाधिकारी मौजूद रहे।