8 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

फॉलो-अप शिविर में खेल मैदान की बदहाली का मुद्दा गूंजा

कोटा

image

Newsdesk

Aug 08, 2026

Rajasthan

अतिक्रमण हटाने, मृत पशु व कचरा डंपिंग पर रोक लगाने की मांग

बड़ाखेड़ा. राज्य सरकार के ग्रामीण सेवा शिविर अभियान के तहत ग्राम पंचायत बड़ाखेड़ा में आयोजित फॉलो-अप शिविर में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान की दुर्दशा का मामला प्रमुखता से उठा। खिलाड़ियों एवं ग्रामीणों ने शिविर प्रभारी एवं इन्द्रगढ़ तहसीलदार रामभरोस मीणा को ज्ञापन सौंपकर खेल मैदान को अतिक्रमण मुक्त कराने, मृत पशु फेंकने पर रोक लगाने तथा नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का खेल मैदान वर्षों से गांव के बच्चों, विद्यार्थियों और युवाओं के लिए खेलकूद एवं विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का प्रमुख केंद्र रहा है, लेकिन पिछले कुछ समय से मैदान की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। कुछ लोगों द्वारा मैदान की भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर निजी उपयोग किया जा रहा है, जिससे मैदान का क्षेत्रफल लगातार कम होता जा रहा है। इससे खिलाड़ियों को अभ्यास करने और बच्चों को खेल गतिविधियों में भाग लेने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया कि गांव के मृत पशुओं को खेल मैदान परिसर में फेंका जा रहा है। इससे मैदान में गंदगी फैलने के साथ दुर्गंध का वातावरण बना रहता है। इसके अलावा पूरे क्षेत्र का कचरा, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट भी मैदान में डंप किया जा रहा है, जिससे खेल मैदान कचरा स्थल में तब्दील होता जा रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है तथा संक्रमण फैलने का खतरा भी बना रहता है।

ग्रामीणों ने मांग की कि खेल मैदान से सभी प्रकार के अवैध अतिक्रमण तत्काल हटाए जाएं, मैदान की नियमित साफ-सफाई कराई जाए तथा मृत पशु और कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ी स्वच्छ और सुरक्षित खेल मैदान से वंचित हो जाएगी।

शिविर प्रभारी एवं इन्द्रगढ़ तहसीलदार रामभरोस मीणा ने ग्रामीणों को मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

ज्ञापन सौंपने के दौरान दीपक सैनी, जितेंद्र रायका, कालू रायका, कुलदीप केवट, गौरव मलिक, हनुमान गुर्जर, सुरेश गुर्जर सहित खिलाड़ी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।