Rain In Rajasthan: कोटा में बादलों की तेज गर्जना के साथ झमाझम बारिश शुरू हुई। मौसम विभाग ने आज ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए आधी-बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई थी।
Rajasthan weather alert: कोटा में बादलों की तेज गर्जना के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और कुछ देर बाद तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने आज ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए आंधी-बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई थी। अचानक बदले मौसम के कारण लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। हालांकि तेज हवाओं और मेघगर्जन के कारण लोगों को सतर्क रहने की भी सलाह दी गई है।
IMD ने अगले 3 घंटे के लिए राजस्थान के 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, कोटा, अलवर, भीलवाड़ा, झुंझुनूं, सीकर, नागौर, अजमेर, चूरू, टोंक, बूंदी और चित्तौड़गढ़ जिले शामिल हैं। इन जिलों और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ बूंदाबांदी और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर 20-30 kmph की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार 31 मार्च से 4 अप्रैल तक जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, बीकानेर और जोधपुर संभागों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। वहीं 5 अप्रैल को भी जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम में इस बदलाव से तापमान में थोड़ी गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग ने आज टोंक, सीकर, सवाई माधोपुर, करौली, झुंझुनूं और बूंदी जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात, बारिश, आंधी और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। वहीं अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूम्बर, सिरोही, उदयपुर, बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जालोर, जोधपुर, नागौर, फलोदी, श्रीगंगानगर और पाली जिलों में मेघगर्जन, तेज हवाएं और वज्रपात के साथ कुछ इलाकों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में बाड़मेर और बांसवाड़ा जिलों से भी ज्यादा कोटा शहर इन दिनों गर्मी से तप रहा था। बीते तीन दिनों से कोटा राज्य का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। शनिवार को कोटा का अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मार्च के अंतिम दिनों में ही तापमान के इस स्तर तक पहुंचने से आने वाले समय में भीषण गर्मी के संकेत मिल रहे हैं। कोटा के बाद चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री, अलवर में 37.2 डिग्री, बाड़मेर में 37.0 डिग्री, जैसलमेर में 35.8 डिग्री और श्रीगंगानगर में 34.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।