
कोटा. रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस ने कालातालाब में बोगस ग्राहक बनाकर सोमवार देर रात कार्रवाई करते हुए सैक्स रैकेट में एक पुरुष समेत दो महिलाओं को गिरफ्तार किया।
पुलिस उपाधीक्षक भंवरसिंह हाड़ा ने बताया कि काला तालाब के लोगों ने शिकायत की थी कि कालातालाब निवासी रजियानीता रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में सेक्स रैकेट चला रही है। इससे वहां का माहौल खराब हो रहा है। इस पर कांस्टेबल को बोगस ग्राहक बनाकर उनके घर भेजा। उसने मुंबई निवासी कल्पना सरदार को कांस्टेबल को दिखाया और 1500 रुपए की मांग की। कांस्टेबल ने एक हजार रुपए में सौदा तय कर रुपए लाने की बात कहकर बाहर निकल टीम को इशारा कर दिया। पुलिस ने दबिश देकर काला तालाब निवासी काली चरण, रजियानीता उर्फ चाची व कल्पना सरदार को गिरफ्तार किया। जबकि भदाना निवासी गड्डू वहां से फरार हो गया। पूछताछ में कल्पना सरदार ने बताया कि रजियानीता उसे मुंबई के मलाड से लाई है।
गांजा रखने के आरोपी को जेल भेजा
कोटा की दादाबाड़ी पुलिस द्वारा गांजा रखने के मामले में गिरफ्तार आरोपी को किशोरपुरा पुलिस ने मंगलवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
किशोरपुरा थानाधिकारी ने बताया कि दादाबाड़ी पुलिस ने बालाकुंड के निकट इन्दौर (मप्र) हालमुकाम बालाकुंड निवासी आकाश सिंह को गिरफ्तार कर उससे 230 ग्राम गांजा बरामद किया था। इस मामले की जांच किशोरपुरा पुलिस को दी गई थी।
देसी पिस्तौल बरामद, एक गिरफ्तार
कोटा की उद्योग नगर पुलिस ने सोमवार रात को एक जने को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक देसी पिस्तौल बरामद की।
थानाधिकारी विजयशंकर शर्मा ने बताया कि सोमवार रात को छावनी निवासी वकार खान उर्फ गोलू पठान (25) को थेगड़ा पुलिया के निकट से गिरफ्तार किया। उसके पास से एक देसी पिस्तौल जब्त कर आम्र्स एक्ट में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
पांच बालकों को करवाया बाल श्रम से मुक्त
कोटा मे पुलिस ने किशोरों को बाल श्रम से मुक्त करवाने के लिए अभियान चला रखा है। इसके तहत मंगलवार को पांच बालकों को बालश्रम से मुक्त करवाया। पुलिस अधीक्षक शहर दीपक भार्गव ने बताया कि एन्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के लेण्डमार्क सिटी महाकाल ओपन मैस एंड टिफिन सेन्टर से एक बालक, एएफसी मैस से एक बालक, महाकाल भैरव किराना स्टोर एवं टी स्टॉल से एक बालक, विनायक ऑटो रिपेयर नयाखेड़ा रोड से एक बालक, जैन मारवाड़ी भोजनालय कुन्हाड़ी से एक बालक समेत पांच बालकों को बाल श्रम से मुक्त करवाया। सभी बालकों की आयु 15 से 17 वर्ष है। इसमें चार बालक कोटा एवं एक बालक बारां का है। बालकों को जिला शेल्टर होम उत्कर्ष संस्थान में अस्थाई आश्रय दिलवाया गया। टीम के सहप्रभारी राजेश कुमार समेत पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई करते हुए दुकान मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।