कोटा

सरकारी अस्पतालों में पर्ची नहीं, अब टेबलेट पर लिखा जाएगा इलाज

Jul 25, 2026
Rajasthan

-डिजिटल हेल्थ क्रांति

अश्विनी गौतम
कोयला (बारां). राज्य सरकार की नई पहल के तहत राजकीय चिकित्सालयों में डॉक्टर अब हाथ से पर्ची बनाने के बजाय टेबलेट और कंप्यूटर पर ई-प्रिस्क्रिप्शन लिखेंगे। प्रिस्क्रिप्शन सीधे अस्पताल के सम्बन्धित नि:शुल्क दवा वितरण केंद्र और लैब के सिस्टम पर ऑनलाइन पहुंच जाएगा। मरीज जैसे ही दवा खिड़की या लैब पर पहुंचेगा, उसे दवाइयां और जांच की सुविधा मिल जाएगी। इससे मरीजों को लंबी लाइनों और लिखावट समझने के झंझट से पूरी तरह मुक्ति मिलेगी।

यह होगा फायदा

ई-प्रिस्क्रिप्शन सीधे मरीज के आभा पहचान पत्र से लिंक हो जाएगा, जिससे मरीज का स्थाई इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड तैयार होगा। भविष्य में किसी भी अस्पताल में इलाज कराने पर पुराना मेडिकल इतिहास एक क्लिक पर उपलब्ध रहेगा। पर्ची गुम होने या फटने का डर हमेशा के लिए खत्म होगा। जांच और दवा वितरण केन्द्रों पर मरीजों का समय बचेगा। ऑनलाइन रिकॉर्ड रहने से अस्पतालों में दवाओं की खपत और उपलब्धता की सटीक जानकारी रहेगी।

31 के बाद हाथ से पर्ची नहीं लिखेंगे

राज्य सरकार ने प्रदेश के चिकित्सा ढांचे को हाईटेक बनाने के लिए सभी सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर डेस्क मॉड्यूल लागू करने का निर्णय लिया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन( एनएचएम) राजस्थान के मिशन निदेशक डॉ. जोगाराम के निर्देश के अनुसार आगामी 31 जुलाई के बाद किसी भी जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल, सेटेलाइट अस्पताल या प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सक हाथ से पर्ची नहीं बना सकेंगे। उन्होंने प्रदेश के सभी सरकारी चिकित्सा संस्थानों में इंटीग्रेटेड हेल्थ मैनेजमेंट सिस्टम ( आईएचएमएस ) डॉक्टर डेस्क मॉड्यूल ओर ई-प्रिस्क्रिप्शन को शत प्रतिशत अनिवार्य कर दिया है।
-बारां जिले में 271 टेबलेट मिले

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में 47 प्राथमिक और 18 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र संचालित है। अधिकांश पीएचसी पर टेबलेट पहुंच चुके हैं। कुछ पर दवाइयां लिखने का कार्य प्रारंभ हो गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर ई-प्रिस्क्रिप्शन लिखे जा रहे हैं। जिले में शेष चिकित्सकों को भी जल्द टेबलेट मिलने की उम्मीद है। बारां जिले में 271 टेबलेट आए हैं।

-

पीएससी-सीएचसी पर टेबलेट वितरित किए जा रहे हैं। कुछ जगह इससे ई-स्क्रिपस्शन लिखना भी शुरू हो गया है।
सौरभ मीणा, बीसीएमओ, बारां

Updated on:
25 Jul 2026 06:01 am
Published on:
25 Jul 2026 06:01 am