कोटा

NEET छात्रा की मौत, तैयारी करने के लिए 2023 में छोटी बहन के साथ MP से आई थी कोटा

कोटा में NEET की तैयारी कर रही 20 साल की छात्रा खुशबू पटेल की मौत हो गई। वह 2023 से अपनी छोटी बहन के साथ कोटा में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
2 min read
Aug 26, 2026
kunhadi police station
कुन्हाड़ी थाने के बाहर खड़ी पुलिस जीप (फोटो: गूगल मैप)

NEET Student Death Case: राजस्थान के कोटा जिले में NEET की तैयारी कर रही 20 साल की छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। छात्रा का शव कुन्हाड़ी क्षेत्र में स्थित एक फ्लैट में मिला है। वह अपनी छोटी बहन के साथ किराए के फ्लैट में रहकर पढ़ाई कर रही थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

छोटी बहन के साथ किराए के फ्लैट में रहती थी

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान MP निवासी खुशबू पटेल के रूप में हुई है। वह मध्यप्रदेश के छतरपुर की रहने वाली थी। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि खुशबू साल 2023 में अपनी छोटी बहन खुशी के साथ पढ़ाई करने के लिए कोटा आई थी। दोनों बहनें यहां रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं।

जिसमें खुशबू NEET की तैयारी कर रही थी और उसकी छोटी बहन JEE की तैयारी कर रही है। दोनों बहनों ने जुलाई महीने में ही कोटा के लैंडमार्क सिटी क्षेत्र में किराए पर फ्लैट लिया था। दोनों यहां साथ रह रही थीं और नियमित रूप से कोचिंग जा रही थीं।

जब खुशबू की छोटी बहन कोचिंग से वापस फ्लैट पर पहुंची तो उसको घटना का पता चला। वह फ्लैट पर पहुंची तो बहन ने गेट नहीं खोला जिसके बाद उसने अपनी बहन को संदिग्ध स्थिति में कमरे में देखा तो चौंक गई। जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कुन्हाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने छात्रा को तुरंत एमबीएस अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने छात्रा के शव को अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया है। घटना की जानकारी छात्रा के परिजनों को मध्य प्रदेश के छतरपुर में दी गई। परिजनों के कोटा पहुंचने के बाद पुलिस शव का पोस्टमॉर्टम कराएगी। छोटी बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल छात्रा की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से जरूरी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस छात्रा की छोटी बहन और आसपास के लोगों से भी जानकारी ले रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Updated on:
26 Aug 2026 12:47 pm
Published on:
26 Aug 2026 12:47 pm