
कोटा. कोटा में कहर बरपा रहे कोरोनावायरस संक्रमण के बीच सियासत भी हो रही है। कांग्रेस जहां मेडिकल और इंजीनियरिंग संस्थाओं की प्रवेश परीक्षा स्थगित करने पर जोर दे रही है। वहीं भाजपा कोरोना संक्रमण करोना के पुख्ता इंतजाम करने की मांग कर रही है। कोटा में शनिवार को एक साथ 711 कोरोना पॉजिटिव रोगी आने पर कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कोटा में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई है। उन्होंने सरकार से कोटा शहर को नियंत्रित क्षेत्र मानते हुए कोरोना नियंत्रण के पुख्ता कदम उठाने की मांग की है। विधायक ने कहा, मौतों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, कोटा में कोरोना की रफ्तार जानलेवा साबित हो रही है। कोरोना कर्मवीर भी संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं, जो चिंताजनक है। विधायक शर्मा ने कहा कि पूरे कोटा संभाग के कोरोना नमूनों की जांच मेडिकल कॉलेज में हो रही है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में जांच के नमूने आने के कारण रिपोर्ट देरी से मिल रही है। अस्पतालों में ऑक्सीजन और वेंटिलेटर की कमी जल्द दूर की जाए।
विधायक शर्मा ने कहा, कांग्रेस सरकार विकास में विफल होने पर जनता को कोरोना के नाम पर गुमराह कर रही है। जनता को गुमराह करके राज करने का कांग्रेस का सपना पूरा नहीं होगा। जनता सब समझ चुकी है।उधर, शहर भाजपा अध्यक्ष कृष्णकुमार सोनी और देहात जिलाध्यक्ष मुकुट नागर ने कहा कि जिला प्रशासन को लॉकडाउन के अपने निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए।
उधर, राज्य सरकार ने कोटा में कोरोना बचाव व नियंत्रण के लिए राज्य क्षय रोग अधिकारी डॉ. विनोद कुमार गर्ग को कोटा जिले का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया। शासन उपसचिव संजय कुमार की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि सीएमएचओ कोटा कोरोना संक्रमण व बचाव को लेकर डॉ. गर्ग को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। वे डॉ. गर्ग के निर्देशन में कार्य करेंगे।
संक्रमण रोकने में मदद करें: धारीवाल
कोटा में कोरोना पॉजिटिव रोगियों की संख्या में बढ़ोतरी होने पर नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल के निर्देश पर लॉकडाउन का निर्णय लिया गया है। मंत्री धारीवाल ने शनिवार को संभागीय आयुक्त, जिला कलक्टर और चिकित्सा विभाग के अधिकारियों से कोरोना की रोकथाम को लेकर प्रभावी कदम उठाने के लिए निर्देश दिए। जिसके बाद जिला प्रशासन ने आपात बैठक बुलाकर कोटा में 6 सितंबर तक लॉकडाउन लागू किया गया है। मंत्री शांति धारीवाल ने बताया कि कोटा में लगातार कोरोना पॉजिटिव रोगी बढ़ रहे हैं। इसलिए सभी को गाइडलाइन की पालना करनी होगी। धारीवाल ने लॉकडाउन के दौरान जनता को आवश्यक सेवाओं, सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े इसके लिए भी जिला प्रशासन को निर्देश दिए। धारीवाल ने कोरोना वायरस के नियंत्रण के लिए लॉकडाउन की पालन करने की अपील की है। हाड़ौती विकास मोर्चा के संयोजक राजेन्द्र सांखला ने उन्हें निश्चित अवधि तक राशन की दुकान खोलने की आवश्यकता बताई।