
बूंदी. राजस्थान गोजू-र्यु कराटे एसोसिएशन के तत्वावधान में श्रीराम स्पोर्ट्स किंगडम, जयपुर में आयोजित कराटे कॉम्बैट फाइट में बूंदी के खिलाड़ियों ने 5 स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
जिला खेल संकुल स्थित "उमंग जूडो-कराटे एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण केंद्र की संचालिका सेंसाई शिल्पा जैन एवं निदेशक अभय जैन ने बताया कि सब-जूनियर वर्ग में दिव्यांशी गौतम, काव्यांश सिंह हाड़ा, आराध्या सौंलकी एवं वैष्णवी वर्मा ने अपने-अपने आयु एवं वजन भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 स्वर्ण पदक हासिल किए।
वहीं बालक वर्ग में पदमावती कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कुंवारती की कक्षा 7वीं के छात्र अंशुमन सिंह हाड़ा ने भी "कराटे कॉम्बैट" फाइट में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को कराटे कॉम्बैट कोच पारस जैन ने तकनीकी प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। राजस्थान गोजू-र्यु कराटे एसोसिएशन की ओर से बूंदी टीम प्रभारी सेंसाई शिल्पा जैन एवं टीम मैनेजर अभय जैन को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।