
चालक और मजदूरों ने कूदकर बचाई जान
तालेड़ा. थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 52 बायपास पर सोमवार सुबह एक सड़क हादसे में ट्रक की टक्कर से ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खोदी गई खाई में जा गिरी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक दोनों क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि ट्रैक्टर चालक और मजदूरों ने समय रहते कूदकर जान बचा ली और कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी अनुसार मोहीपुरा स्थित ईंट-भट्टे से ईंटें लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली बूंदी से कोटा की ओर जा रही थी। तालेड़ा बायपास के पास पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लिंक रोड के चौड़ीकरण के लिए खोदी गई गहरी खाई में जा गिरे। ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से उसमें भरी ईंटें भी सड़क किनारे बिखर गईं।
हादसे की सूचना पर तालेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को खाई से बाहर निकलवाया और मामले की जांच शुरू की।
खुदाई से बढ़ा हादसे का खतरा
स्थानीय लोगों ने बताया कि बायपास के पास लिंक रोड के चौड़ीकरण के लिए सड़क किनारे कई जगह गहरी खुदाई की गई है। बारिश के दौरान इन जगहों पर पानी भरने से वाहन चालकों को खाई का अंदाजा नहीं लग पाता। लोगों ने निर्माण एजेंसी से खाई के आसपास सुरक्षा संकेतक, बैरिकेडिंग और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने की मांग की है।