
गड्ढों में सड़क और बिखरी गिट्टी से बढ़ी परेशानी
संयुक्त निरीक्षण व सुधार की मांग
लाखेरी @ पत्रिका. शहर में करोड़ों रुपए के सड़क निर्माण कार्य जारी हैं, लेकिन लाखेरी का मुख्य तिराहा अपनी बदहाल स्थिति से लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर रहा है। कोटा-लालसोट मेगा हाइवे से जुड़ा यह अति व्यस्त तिराहा शहर को ग्रामीण अंचल, रेलवे स्टेशन व अन्य प्रमुख मार्गों से जोड़ता है। सुबह से देर रात तक यहां भारी वाहनों सहित सभी तरह के वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। इस व्यस्त स्थान पर सड़क की असमान सतह, बिखरी गिट्टी व अनियंत्रित आवाजाही से हादसे की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। उनका कहना है कि दुर्घटना के बाद व्यवस्था सुधारने से बेहतर है कि संभावित दुर्घटना वाले स्थानों पर पहले ही सुरक्षा इंतजाम किए जाएं। वर्तमान में मुख्य तिराहे से दूसरे तिराहे तक चार करोड़ रुपए से अधिक की लागत से सीसी सड़क का काम चल रहा है। शहरवासियों का सवाल है कि जब इतना बड़ा काम हो रहा है तो तिराहे की पूरी तस्वीर बदलने की योजना क्यों नहीं बनाई जा सकती? सड़क निर्माण के साथ तिराहे की चौड़ाई, मोड़़, जल निकासी, पैदल राहगीरों के लिए सुरक्षित स्थान, स्ट्रीट लाइट, दिशा-सूचक बोर्ड और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था करने से भविष्य की परेशानी रोकी जा सकती है। लोगों के अनुसार, तिराहे की सीमा निर्धारित करने को लेकर पूर्व में तत्कालीन एसडीएम स्तर से रीकोर अधिकारी को जानकारी दी गई थी। विकास कार्य की पहल हुई, पर अधिकारी के स्थानांतरण से मामला रुक गया। अब प्रशासन से मांग है कि इस पुराने मामले को फिर से देखा जाए। शहरवासियों ने उपखंड प्रशासन से मौके का संयुक्त निरीक्षण करवाकर तिराहे की स्थिति रिपोर्ट तैयार कराने और चल रहे सड़क निर्माण में आवश्यक सुधार शामिल करने की मांग की है।