
संवेदनाओं पर भारी प्रशासन की लापरवाही
लबान. क्षेत्र की खरायता पंचायत की मेगा हाइवे व दिल्ली मुम्बई रेल के किनारे स्थित लबान स्टेशन बस्ती में गुरुवार को 38 वर्षीय युवक राकेश प्रजापत की असामयिक मृत्यु के बाद मुक्तिधाम की व्यवस्था नहीं होने से परिजनों और ग्रामीणों को मजबूरन मेगा हाइवे के किनारे ही अंतिम संस्कार करना पड़ा। गत वर्ष भी एक बुजुर्ग का अंतिम संस्कार इसी स्थान पर करना पड़ा था, लेकिन एक साल बाद भी प्रशासन मुक्तिधाम की समस्या का समाधान नहीं कर पाया।
उस घटना के बाद पंचायत प्रशासन ने ढगरिया रोड पर मुक्तिधाम के लिए भूमि आवंटित की थी, लेकिन निर्माण शुरू होने से पहले वहां अतिक्रमण हो गया। जुलाई माह में पुलिस और प्रशासन की मदद से अतिक्रमण हटाया गया, फिर भी अब तक चारदीवारी, रास्ता और अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित नहीं होने व आवंटित जगह पर पानी भरा हुआ होने से वहां अंतिम संस्कार संभव नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पहले दिल्ली-मुंबई रेल लाइन के किनारे स्थित पुराने मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार होता था, लेकिन रेलवे द्वारा ट्रैक सुरक्षा के लिए बनाई गई दीवार के कारण मुक्तिधाम दीवार के भीतर आ गया और वहां पहुंचने का रास्ता बंद हो गया। इसके बाद से ग्रामीण वैकल्पिक व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को कई बार ज्ञापन देने के बावजूद भूमि आवंटन के एक वर्ष बाद भी मुक्तिधाम विकसित नहीं हो सका। और वहां पानी भरा हुआ है उनका आरोप है कि प्रशासन की उदासीनता के कारण शोक की घड़ी में भी लोगों को सड़क किनारे अंतिम संस्कार करने जैसी विवशता झेलनी पड़ रही है।
जोखिम में अंतिम संस्कार कब तक
ग्रामीणों का कहना है कि अंतिम संस्कार जैसी मूलभूत और संवेदनशील व्यवस्था के लिए भी उन्हें सड़क किनारे जगह तलाशनी पड़ रही है। हाइवे पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के बीच अंतिम संस्कार करना ग्रामीणों के लिए परेशानी और जोखिम दोनों है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सिवायचक भूमि की मौके पर जांच करवाकर अतिक्रमण हटाने और तत्काल मुक्तिधाम का निर्माण शुरू करवाने की मांग की है।
वर्जन
ग्रामीणों द्वारा घटना की जानकारी मिली है। मेरी नई पोस्टिंग है मामले को दिखवाता हुं समाधान के प्रयास किए जाएंगे।
-सिकंदर वर्मा सचिव, खरायता, पंचायत
वर्जन
आवंटित भूमि पर अतिक्रमण हटा कर मिट्टी भरने का कार्य बरसात के कारण रोकना पड़ा। अन्य सुविधाओं के विकास के लिए प्रस्ताव भिजवा रखे है। जल्द ही मिट्टी भरवा कर व्यवस्था की जाएगी।
-बद्री लाल मीणा, प्रशासक, ख़रायता
Updated on:
28 Aug 2026 06:01 am
Published on:
28 Aug 2026 06:01 am
