कोटा

नहर में पानी की निकासी नहीं, खेतों से होकर बह रहा

Aug 28, 2026
Rajasthan

बड़ाखेड़ा. टेल क्षेत्र बड़ाखेड़ा में नहर का पक्का निर्माण कार्य चल रहा है। नहर में पानी आने के बाद उचित निकासी व्यवस्था नहीं होने से पानी खेतों से होकर बह रहा है। बुधवार को हुई बारिश के बाद खेतों का पानी नहर में आ गया, जिससे नहर का पानी कस्बे के समीप खेतों से होकर बहने लगा। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

पीड़ित किसानों का कहना है कि नहर निर्माण के दौरान पानी की निकासी के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई। किसानों ने बताया कि पहली बारिश में ही पानी खेतों की ओर बहने लगा है। ऐसे में नहर में पर्याप्त पानी आने के बाद स्थिति और गंभीर हो सकती है। कस्बे के आसपास किसानों ने खेतों में फसल बो रखी है, ऐसे में पानी भरने से फसलों को नुकसान की आशंका बनी हुई है।

स्पाइन निर्माण से होगी पानी की निकासी

जल वितरण समिति अध्यक्ष बंशीलाल मीणा ने बताया कि समस्या को लेकर सीएडी विभाग के अधिकारियों को लिखित में अवगत कराया जा चुका है। कस्बे से पहले पानी की निकासी के लिए स्पाइन का निर्माण किया जाना है। इससे अतिरिक्त पानी बहकर नदी की ओर चला जाएगा और नहर के अंतिम छोर पर स्थित खेतों में पानी भरने से फसलों को होने वाले नुकसान से बचाया जा सकेगा।

कच्चे मकानों पर भी खतरा

किसान विनोद रायका, देवेश, भंवर लाल आदि ने बताया कि नहर का पानी बैरवा बस्ती के पास होकर निकल रहा है। यदि पानी का बहाव इसी तरह जारी रहा तो ग्रामीणों के कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। ग्रामीणों ने नहर निर्माण के साथ ही पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।

Updated on:
28 Aug 2026 06:01 am
Published on:
28 Aug 2026 06:01 am