कोटा

कोटा में पहली बार ‘OBC महिला’ बनेगी महापौर, BJP-कांग्रेस में जिताऊ दावेदारों की तलाश शुरू

Rajasthan Nikay Chunav 2026: कोटा में पहली बार महापौर और जिला प्रमुख की कुर्सी महिलाओं के हाथों में होगी। लॉटरी में महापौर पद OBC महिला और जिला प्रमुख पद महिला वर्ग के लिए आरक्षित हुआ है।
2 min read
Aug 14, 2026
bjp congress flag
फोटो: पत्रिका

Kota News: कोटा में शहरी सरकार और ग्रामीण सरकार की कमान आने वाले दिनों में नारी शक्ति के हाथों में रहेगी। पहली बार महापौर और जिला प्रमुख की कुर्सी महिलाएं संभालेंगी। जयपुर में गुरुवार को महापौर और जिला प्रमुख के लिए लॉटरी निकाली गई। इसमें कोटा नगर निगम की महापौर ओबीसी महिला वर्ग के खाते में चली गई, वहीं जिला प्रमुख महिला वर्ग के लिए आरक्षित हो गई। जिला प्रमुख का पद ग्रामीण क्षेत्र की राजनीति में अहम होता है। कोटा नगर निगम में पहली महापौर सुमन शृंगी बनी और चौथी महिला ओबीसी वर्ग से महापौर बनने वाली हैं।

दोनों ही दलों में दावेदारों की तलाश

महापौर के लिए आरक्षण की स्थिति साफ होते ही भाजपा और कांग्रेस ने ओबीसी वर्ग से आने वाली महिला कार्यकर्ताओं की तलाश शुरू कर दी। हालांकि दोनों ही दलों में ओबीसी महिला कार्यकर्ता का बड़ा नाम नहीं है। हालांकि दोनों ही दलों में तीन-चार पूर्व पार्षदों का नाम चर्चा में आ गया है। दोनों ही दलों में महापौर के संभावित चेहरों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। भाजपा शहर कार्यकारिणी में ओबीसी वर्ग की एक भी महिला पदाधिकारी नहीं है, जबकि कांग्रेस में ओबीसी वर्ग की एक महिला कार्यकर्ता को जगह मिली हुई है।

बोर्ड में दक्षिण के पार्षदों का रहेगा दबदबा

निगम के नए बोर्ड में कोटा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के पार्षदों का दबदबा रहेगा। कुल 100 वार्ड हैं। इसमें से 40 वार्ड दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में आते हैं। इस विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक संदीप शर्मा और कांग्रेस की जिलाध्यक्ष और विधानसभा प्रत्याशी रही राखी गौतम आते हैं। दोनों ही दलों के दिग्गज नेता भी इस विधानसभा क्षेत्र से आते हैं। दूसरे नम्बर पर कोटा उत्तर विधानसभा क्षेत्र का आता है। इसमें 30 वार्ड आते हैं। यहां कांग्रेस के विधायक और पूर्व मंत्री शांति धारीवाल और भाजपा से विधानसभा में प्रत्याशी रहे, अब वह कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र में 24 वार्ड आते हैं। यहां भाजपा से विधायक कल्पना देवी हैं और विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से यहां नईमुद्दीन गुड्डू प्रत्याशी हैं। रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र में 6 वार्ड आते हैं। रामगंजमंडी विधायक और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और कांग्रेस प्रत्याशी रहे महेन्द्र राजोरिया की प्रतिष्ठा जुड़ी है।

कोटा नगर निगम में ये रहे महापौर

नामवर्गकार्यकालपार्टी
सुमन शृंगीअनारक्षित वर्ग1994-99भाजपा
ईश्वरलाल साहूOBC पुरुष1999-2004भाजपा
मोहनलाल महावरSC पुरुष2004-09भाजपा
डाॅ. रत्ना जैनअनारक्षित महिला2009-14कांग्रेस
महेश विजयअनारक्षित पुरुष2014-19भाजपा
कोटा उत्तर व दक्षिण निगम
मंजू मेहराSC महिलाकांग्रेस
राजीव अग्रवालअनारक्षित पुरुष2020 -2025-

कोटा में पांचवीं बार जिला प्रमुख की कुर्सी महिला संभालेगी

देश काे पहली महिला जिला प्रमुख देने वाले कोटा में फिर नारी शक्ति जिला प्रमुख की कुर्सी संभालेगी। कोटा में जिला प्रमुख की सीट महिला वर्ग के लिए आरक्षित की गई है। वर्ष 1960 में जब देश में पंचायतीराज व्यवस्था लागू हुई थी, तब कोटा की नगेन्द्र बाला पहली जिला प्रमुख बनी थी। अब तक चार महिलाएं जिला प्रमुख रह चुकी हैं। दिग्गज नेता भी जिला प्रमुख रह चुके हैं। इसमें मुख्य नामों में पूर्व मंत्री और कोटा उत्तर के विधायक शांति धारीवाल भी शामिल हैं। जिला परिषद के कुल 25 वार्ड हैं। जिला प्रमुख 25 जिला परिषद सदस्य चुनेंगे।

जिला प्रमुख कब से कब तक

नगेन्द्र बाला1960-1962
सत्यपाल त्यागी1963-77
शांति धारीवाल1982-85
पानाचन्द गुप्ता1985-88
हीरालाल मीणा1988-91
गोविन्द सिंह परमार1995-2000
कल्याण सिंह हाडा2000-2005
कमला मीणा2005-2010
विद्याशंकर नन्दवाना2010-2014
रेखा शर्मा2014-2014
मधुकंवर हाड़ा2014-2015
सुरेन्द्र गुर्जर2015-2020
मुकेश मेघवाल2023-अब तक

कोटा जिले में पालिका अध्यक्ष के लिए लॉटरी के बाद स्थिति

  • रावतभाटा-अनारक्षित
  • रामगंजमंडी-अनारक्षित
  • सांगोद-अनारक्षित
  • सुकेत-आरक्षित (OBC वर्ग)
  • सुल्तानपुर-आरक्षित (SC वर्ग)
  • इटावा-अनारक्षित
Updated on:
14 Aug 2026 10:40 am
Published on:
14 Aug 2026 09:50 am