कोटा

Rajasthan Weather : पश्चिमी विक्षोभ से होगी प्री-मानसून बारिश

2 से 5 जून तक तेज आंधी व बारिश की संभावना, छाए रहे बादल
less than 1 minute read
Jun 01, 2025
Kota weather
Kota weather

प्रदेश में एक बार फिर नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में प्री-मानसून जैसी आंधी व बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 2 से 5 जून तक दोपहर बाद तेज मेघगर्जन, 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और बौछारें बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा व उदयपुर संभाग में दर्ज की जा सकती हैं। इस बदलाव के चलते अगले 4-5 दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट रहने की संभावना है, जिससे भीषण गर्मी से आंशिक राहत मिल सकती है।

उमस भरी गर्मी से बेहाल रहा कोटा

कोटा शहर में रविवार को दिनभर उमस भरी गर्मी का असर बना रहा। दोपहर में हल्के बादल छाए जरूर, लेकिन इससे राहत नहीं मिली। शहर का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29.1 डिग्री दर्ज किया गया। हवा की गति 11 किमी प्रति घंटे रही और सुबह की आर्द्रता 52 प्रतिशत तक पहुंच गई, जिससे उमस ने लोगों को खूब परेशान किया।

बारां में भी चढ़ा पारा

बारां जिले में भी रविवार को धूप खिली, जिससे गर्मी ने लोगों को खूब सताया। जिले में अधिकतम तापमान एक डिग्री की वृद्धि के साथ 40 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री पर स्थिर रहा। बीते कुछ दिनों से तापमान में गिरावट देखी जा रही थी, लेकिन रविवार को फिर पारा चढ़ गया। दिनभर की तेज धूप के कारण शहर की मुख्य सड़कें दोपहर में सूनी नजर आईं। वहीं, झालावाड़ और बूंदी में आंशिक रूप से बादल छाए रहे।