
देई. कृषि उपज मंडी देई में नौ दिवसीय दिव्य आध्यात्मिक महाआयोजन की रविवार से शुरूआत होगी, जिसकी तैयारियां मंडी में जोर शोर से की जा रही है। कार्यक्रम की शुरुआत पर कलशयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें 1100 महिलाएं सिर पर कलश लेकर बाबा बख्तावरसिंहजी महाराज के स्थान से पुराना थाना स्कूल,प्रकाशी कुई, चारभुजा चौक, मुख्य बाजार, बस स्टेण्ड होते हुए मंडी में पहुंचेगी। यात्रा में बैण्डबाजे, डीजे,ढोल नगाडे शामिल होंगे। कार्यक्रम में पार्थिव शिवलिंग अभिषेक श्री मृत्युजंय महायज्ञ श्रीरामकथा व राष्ट्रीय संत सम्मेलन का आयोजन 16 से 25 अगस्त तक होगा। समाजसेवी दीपक सोनी,श्याम सोनी ने बताया कि कार्यक्रम में रोजाना पार्थिव शिवलिंग अभिषेक सुबह 7 से 10 बजे व शाम साढे छह बजे से 9 बजे तक व संगीतमय श्रीराम कथा व संत प्रवचन दोपहर 1 बजे से 5 बजे तक होगे। संत के सानिध्य मे कालसर्प दोष,पितृ दोष,गृह दोष निवारणार्थ,शादी विवाह बाधा,मांगलिक दोष निवारण व राष्ट्रधर्म के उत्थान के लिए श्रीमृत्युजंय जाप होंगे। भगवान भोलेनाथ का विशेष अभिषेक एवं अनुष्ठान होगा, जिसमें प्रतिदिन 108 यजमानों द्वारा अभिषेक किया जाएगा।