
AIR-1 Panshul Bansal: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने गुरुवार रात देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा रीनीट यूजी-2026 का परिणाम घोषित कर दिया। परीक्षा 21 जून को देशभर में दोबारा आयोजित की गई थी। पंजाब के आर्यन गुप्ता तथा हरियाणा के पंशुल बंसल ने 720 में से सर्वाधिक 715 अंक प्राप्त किए। राजस्थान के 2 स्टूडेंट टॉप 10 में शामिल हैं। उपलक्ष्य गोयल ने 714 नंबर के साथ तीसरी रैंक और गौरव सिंह ने 712 अंक के साथ 9वीं रैंक हासिल की है। बिहार के आयुष ने चौथी रैंक प्राप्त की।
एनटीए के अनुसार इस परीक्षा में 22.79 लाख विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से लगभग 20 लाख ने परीक्षा दी। इनमें से 11.21 लाख विद्यार्थियों को क्वालीफाई घोषित किया गया है। इस वर्ष भी छात्राओं ने बाजी मारी है। क्वालिफाइड कैंडिडेट्स में 58 प्रतिशत छात्राओं ने इस प्रवेश परीक्षा को क्वालीफाई किया है। जनरल और ईडब्ल्यूएस कैटेगरी में 213 अंक आने पर विद्यार्थियों को क्वालीफाई माना गया है। वहीं, ओबीसी, एससी-एसटी कैटेगरी में 177 अंक वाले विद्यार्थी काउंसलिंग के लिए पात्र घोषित किए गए हैं।
नीट : ऑल इंडिया रैंक-9
मार्क्स : 720 में से 705
पिता: राजेश कुमार (भारतीय सेना)
मां: सीमा देवी, गृहिणी
अलवर के गाडुवास गांव निवासी गौरव सिंह का कहना है कि उनकी सफलता का सबसे बड़ा मंत्र फैकल्टी की हर सलाह का ईमानदारी से पालन करना रहा। गौरव पिछले 7 सालों से कोटा में रह रहा है। बड़ी बहन अनुजा भी यहीं से तैयारी कर वर्तमान में ईएसआइसी मेडिकल कॉलेज, अलवर से एमबीबीएस कर रही है, जिनसे लगातार प्रेरणा मिली। गौरव ने कहा कि मां सीमा देवी मेरे और बहन के साथ कोटा में रहकर हमारी पढ़ाई का पूरा ध्यान रखती थीं।
उन्होंने हर परिस्थिति में हमारा हौसला बढ़ाया। वे क्लास के अलावा प्रतिदिन 7-8 घंटे सेल्फ स्टडी करते थे। उनका मानना है कि प्रत्येक टेस्ट के बाद अपनी गलतियों का विश्लेषण कर उन्हें सुधारना ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने स्मार्टफोन का केवल पढ़ाई के लिए उपयोग किया और समय का दुरुपयोग नहीं होने दिया। गौरव ने 10वीं में 92 और 12वीं में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
कॅरियर काउंसलिंग एक्सपर्ट पारिजात मिश्रा ने बताया कि जनरल व ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के लिए नीट यूजी 2026 की क्वालीफाइंग कटऑफ में 69 अंकों की बढ़ोतरी हुई है। जो गत वर्ष 2025 के मुकाबले 144 अंक से बढ़कर 213 अंक हो गई है। इस साल ओबीसी,एससी-एसटी कैटेगरी की क्वालीफाइंग कट ऑफ में भी 64 अंकों की बढ़ोतरी देखने को मिली। इस वर्ग की क्वालीफाइंग कटऑफ 113 अंकों से बढकर 177 अंक पर पहुंच गई। फिजिक्स का स्कोर इस वर्ष किसी भी कैंडिडेट के सिलेक्शन एवं रैंक्स की निश्चितता में अहम भूमिका निर्धारित करता देखा जा रहा है।
जनरल एवं ईडब्ल्यूएस
2026 : 213/720
2025 : 164/720
2024 : 162/720
2026 : 177/720
2025 : 113/720
2024 : 127/720
एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि प्रश्नपत्र की उच्च गुणवत्ता स्तर के बावजूद भी परीक्षार्थियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया और क्वालीफाइंग कटऑफ का नया रिकॉर्ड कायम कर दिया। लेकिन दूसरी ओर इस परीक्षा में 10.04 लाख विद्यार्थी 213 अंक भी अर्जित नहीं कर सके।