कोटा

ग्रामीण सेवा शिविर फॉलोअप शिविर आयोजित

Jul 25, 2026
Rajasthan

सारथल. भावपुरा पंचायत में गुरुवार को अटल सेवा केन्द्र भावपुरा में ग्रामीण सेवा फॉलोअप शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 22 विभागों ने भाग लेकर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया। शिविर में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), पट्टा वितरण एवं लंबित पट्टों का निस्तारण, विमुक्त-घुमंतु एवं अर्धघुमंतु समुदायों को पट्टा वितरण, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), महात्मा गांधी नरेगा तथा राजीविका , आंगनवाड़ी कार्य करता सहित विभिन्न विभागों द्वारा कार्य किए गए। शिविर के दौरान 4 जन्म प्रमाण पत्र एवं 1 मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए गए। वहीं पटवारियों द्वारा खाता फटवाने संबंधी कार्यवाही भी की गई। शिविर में उपस्थित ग्रामीण किसान कन्हैयालाल प्रभुलाल पुत्र अमरलाल ने बताया कि उनके जमाबंदी संवत 2079 खसरा नंबर 03 का मामला पिछले 15–20 वर्षों से लंबित चला आ रहा था। गुरुवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में उन्होंने अपनी समस्या रखी, जिस पर शिविर प्रभारी नायब तहसीलदार को आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके बाद मौके पर ही राजस्व अभिलेखों की जांच कर पटवारियों बलराम जाट व हर्ष प्रताप सिंह द्वारा खाता फटवाने की कार्यवाही की गई। ग्रामीण ने बताया कि लंबे समय से लंबित राजस्व कार्य का समाधान होने से उन्हें राहत मिली। शिविर के दौरान शिविर प्रभारी नायब तहसीलदार राधेश्याम लववंशी, सरपंच (प्रशासक) चतुर्भुज रैगर, ग्राम विकास अधिकारी धनराज गुर्जर, पटवारी बलराम जाट व हर्ष प्रताप सिंह तथा पंचायत सहायक किशोरी लाल उपस्थित रहे।

Updated on:
25 Jul 2026 06:01 am
Published on:
25 Jul 2026 06:01 am