लाइफस्टाइल

Bathroom Cleaning Hacks: गंदी टाइल्स, खारे पानी के दाग और नल-शॉवर पर जमी सफेद परत को हटाने के 6 आसान तरीके

Bathroom Deep Cleaning Tips: अगर आप घंटों बाथरूम में ब्रश से घिसाई करने के बाद भी गंदी टाइल्स और टोटी-शॉवर पर जमे सफेद निशानों को साफ नहीं कर पा रहे हैं, तो यहां बताए गए 6 आसान तरीकों की मदद से इन्हें बड़ी आसानी से साफ कर सकते हैं।
2 min read
Jun 30, 2026
Hard Water Stains Removal, Bathroom Cleaning Hacks
टाइल्स Cleaning Hacks|image credit instagram-aasanhaiguru

Bathroom Tiles Cleaning Tips: बाथरूम में नियमित सफाई करने के बाद भी पीले दाग, खारे पानी के निशान और गंदी टाइल्स अक्सर बनी रहती हैं। ऐसे में आप यहां बताए गए टिप्स को फॉलो करके बिना ज्यादा मेहनत किए अपने बाथरूम को साफ कर सकते हैं। आइए जानते हैं बाथरूम को डीप क्लीन करने के आसान और असरदार तरीके।

डिशवॉश लिक्विड और विनेगर से करें सफाई

बाथरूम की सामान्य गंदगी को साफ करने के लिए डिशवॉश लिक्विड और विनेगर का घोल तैयार करें। इस घोल को एक स्प्रे बोतल में भर लें। अब जिस जगह की सफाई करनी है, वहां इस घोल का स्प्रे करें और लगभग 5 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद कपड़े या ब्रश की मदद से उस जगह को साफ कर लें।

गंदी टाइल्स को ऐसे करें साफ

बाथरूम की टाइल्स पर जमे जिद्दी दाग हटाने के लिए एक मग पानी में 10 एमएल एलओसी, 50 एमएल एचसीएल और एक मुट्ठी ऑक्सेलिक पाउडर मिलाकर घोल तैयार करें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाने के बाद इस घोल को गंदी टाइल्स पर डालें। कुछ देर बाद ब्रश की मदद से टाइल्स को अच्छी तरह स्क्रब करें।

ध्यान दें: एचसीएल और ऑक्सेलिक जैसे केमिकल का उपयोग करते समय दस्ताने पहनें और बाथरूम में पर्याप्त हवा आने-जाने की व्यवस्था रखें।

सही ब्रश का इस्तेमाल करना भी है जरूरी

ज्यादातर लोग बाथरूम की सफाई के लिए सामान्य कपड़े धोने वाले ब्रश का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, ऐसे ब्रश से बाथरूम के कोनों, किनारों और संकरी जगहों की सफाई अच्छी तरह नहीं हो पाती। बेहतर सफाई के लिए बाथरूम साफ करने वाला विशेष ब्रश खरीदना चाहिए। ऐसे ब्रश की मदद से कोनों में जमी गंदगी भी आसानी से साफ की जा सकती है और सफाई का काम ज्यादा आसान हो जाता है।

मॉप की मदद से ऊंची जगहों की करें सफाई

बाथरूम के उन हिस्सों को साफ करने के लिए, जहां हाथ आसानी से नहीं पहुंच पाता, मॉप यानी खड़े होकर पोछा लगाने वाले उपकरण का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसकी मदद से दीवारों, ऊंची टाइल्स और अन्य मुश्किल जगहों को बिना ज्यादा मेहनत के साफ किया जा सकता है।

टॉयलेट सीट पर जमे हार्ड वॉटर के दाग हटाएं

कई बार टॉयलेट में हार्ड वॉटर के कारण पीले या भूरे रंग के दाग जमा हो जाते हैं, जिन्हें सामान्य सफाई से हटाना मुश्किल होता है। ऐसे दागों को साफ करने के लिए प्यूमिस स्टिक का इस्तेमाल किया जा सकता है।

शॉवर हेड और नल को विनेगर से करें साफ

खारे पानी के कारण शॉवर और नल पर लाइमस्केल यानी सफेद परत जमने लगती है, जिससे पानी का प्रवाह भी प्रभावित हो सकता है। इसे साफ करने के लिए शॉवर हेड या नल के प्रभावित हिस्से को व्हाइट विनेगर में कुछ घंटों के लिए भिगोकर रखें। इसके बाद ब्रश या कपड़े से साफ करें। इससे जमी हुई परत आसानी से निकल जाती है। साथ ही नल व शॉवर फिर से चमकने लगते हैं।

Published on:
30 Jun 2026 03:25 pm