लाइफस्टाइल

Jaipur Restaurant: बिना बिजली के चमकता है जयपुर का ये रेस्टोरेंट, यहां लाखों शीशों के बीच शाही डिनर है खास

Jaipur Restaurant: जयपुर के एक अनोखे कैफे में बिना बिजली के 3.5 लाख शीशों और 148 मोमबत्तियों की रोशनी में होता है शाही डिनर। जानिए क्या है यहां की खासियत और एक शाम का खर्च।

2 min read
Mar 06, 2026
Royal Dining Experience Jaipur
Candlelight Dinner in Jaipur (source: theleelapalace)

Jaipur Zero Electricity Restaurant: जयपुर हमेशा से ही अपनी रॉयल्टी और मेहमाननवाजी के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है। लेकिन क्या आपने कभी ऐसे किसी फाइव-स्टार कैफे या रेस्टोरेंट के बारे में सुना है, जो बिना बिजली की लाइटों के जगमगाता हो? जी हां, दिल्ली रोड पर कूकस के पास एक शानदार पैलेस के अंदर ऐसा रेस्टोरेंट है, जहां कदम रखते ही लगता है जैसे वक्त ठहर सा गया हो। इस जगह की सबसे मस्त बात यह है कि यहां रात के वक्त रोशनी के लिए एक भी बिजली का बल्ब या झूमर नहीं जलाया जाता। यह इतना अनोखा रेस्टोरेंट पूरी तरह से 'जीरो-इलेक्ट्रिसिटी' यानी बिना बिजली के कॉन्सेप्ट पर चलता है। इन दिनों यह कैफे सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है।

शीश महल थीम पर बनाया गया यह रेस्टोरेंट

इस रेस्टोरेंट का नाम कश्मीर की मशहूर शॉल पर रखा गया है, जो अपनी बारीकी के लिए दुनिया भर में जानी जाती है। जैसे शॉल पर धागों की बुनाई होती है, वैसे ही यहां की दीवारों पर कलाकारी की गई है। रेस्टोरेंट की डिजाइन जयपुर के ऐतिहासिक शीश महल से प्रेरित है। इसके डाइनिंग स्पेस को पूरी तरह से राजसी ठाठ-बाट के साथ डिजाइन किया गया है। यहां की दीवारों और छतों पर की गई नक्काशी आपको पुराने राजा-महाराजाओं के टाइम की याद दिला देगी। यह जगह उन लोगों के लिए है, जो आधुनिक चमक-धमक से दूर शांति और सुकून को पसंद करते हैं।

3.5 लाख शीशों और 18 कैरेट गोल्ड से बना रेस्टोरेंट

इस जगह की सबसे बड़ी खासियत यहां का ठिकरी वर्क है। इसकी दीवारों और छतों को सजाने के लिए हाथ से कटे हुए लगभग 3.5 लाख छोटे-छोटे शीशे लगाए गए हैं। इन शीशों के साथ-साथ 18 कैरेट गोल्ड लीफ का काम भी किया गया है, जो इसकी सुंदरता में चार चांद लगा देता है। यहां बिजली के बल्ब या फैंसी झूमर नहीं जलते। पूरे हॉल को रोशन करने के लिए लगभग 148 मोमबत्तियों का इस्तेमाल किया जाता है। जब इन मोमबत्तियों की हल्की लौ शीशों पर पड़ती है, तो पूरा हॉल लाखों सितारों की तरह झिलमिलाने लगता है।

सर्विस में सिर्फ महिलाएं

यहां की सर्विस व्यवस्था भी काफी स्पेशल है। इस पूरे डाइनिंग एरिया का मैनेजमेंट सिर्फ महिलाओं की टीम संभालती है। यह शुरुआत जेंडर डायवर्सिटी और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए की गई है।

कितना आता है खर्च?

अगर आप यहां एक यादगार शाम बिताना चाहते हैं, तो 6-कोर्स वाले कैंडललाइट सेट मेन्यू के लिए प्रति व्यक्ति खर्च लगभग 4,500 से 6,000 रुपए के बीच आता है। दो लोगों के डिनर का बिल करीब 12,000 रुपये तक जा सकता है।

Published on:
06 Mar 2026 01:32 pm