Rashmika Vijay wedding Udaipur: उदयपुर में होने जा रही है रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शाही शादी। अरावली की पहाड़ियों के बीच बने लग्जरी होटल में सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे इंटरनेशनल बाउंसर्स। जानिए शादी की तारीख, वेन्यू का एक दिन का किराया और पूरी इनसाइड स्टोरी।
Rashmika Vijay wedding Udaipur: झीलों की नगरी उदयपुर एक बार फिर फिल्मी सितारों की चकाचौंध से गुलजार होने वाली है। साउथ सिनेमा के अर्जुन रेड्डी यानी विजय देवरकोंडा और नेशनल क्रश रश्मिका मंदाना की शादी की खबरें इन दिनों काफी चर्चा में हैं। यह जोड़ी 26 फरवरी को राजस्थान की खूबसूरत वादियों में एक-दूसरे का हाथ थाम लेगी।
कपल ने अपनी प्राइवेसी को लेकर इतनी सख्ती बरती है कि स्थानीय सुरक्षा के साथ-साथ एक इंटरनेशनल सिक्योरिटी एजेंसी को भी हायर किया गया है। खबर है कि विदेशी बाउंसर्स की एक बड़ी टीम होटल के चारों ओर तैनात रहेगी। शादी में 'नो-फोन' पॉलिसी लागू की जाएगी, ताकि अंदर की कोई भी तस्वीर या वीडियो बिना इजाजत लीक न हो सके।
NDTV के सूत्रों के मुताबिक, इस हाई-प्रोफाइल शादी के लिए उदयपुर के बाहरी इलाके में स्थित 'The Mementos by ITC Hotels' को चुना गया है, जो अपनी प्राइवेसी और लग्जरी के लिए मशहूर है। अरावली की पहाड़ियों और एक सुंदर झील के किनारे बसे इस लग्जरी रिसॉर्ट में कुल 117 सुइट्स और विला हैं। मेहमानों के स्वाद का ख्याल रखने के लिए यहां 5 बेहतरीन फूड और बेवरेज आउटलेट्स हैं। शादी की रस्मों के लिए भी 3 बैंक्वेट हॉल हैं। अगर बात यहां के खर्चों की करें तो एक सामान्य सुइट का एक रात का किराया 35,000 से 65,000 रुपये के बीच रहता है, वहीं पूरी प्रॉपर्टी को एक दिन के लिए बुक करने का अनुमानित बजट 1.2 करोड़ से 1.5 करोड़ तक जा सकता है। इसके अलावा चर्चा में राफल्स उदयपुर और फेयरमोंट रिसोर्ट्स जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं, जो अपनी बेमिसाल खूबसूरती और सुरक्षा के लिए सितारों की पहली पसंद माने जाते हैं।
कैलाशपुरी गांव के पास स्थित इस लग्जरी होटल में एक निजी हेलीपैड भी है। जानकारी के अनुसार, दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के कई दिग्गज और बॉलीवुड के कुछ करीबी दोस्त सीधे हेलीकॉप्टर से यहां लैंड करेंगे। मेहमानों का आना 23 फरवरी से ही शुरू हो जाएगा, जिसके बाद 24 और 25 फरवरी को हल्दी, मेहंदी और संगीत की धूम रहेगी।
रश्मिका और विजय की पहली मुलाकात गीता गोविंदम के सेट पर हुई थी और तब से ही उनकी केमिस्ट्री पर्दे के साथ-साथ असल जिंदगी में भी फैंस को खूब पसंद आती है। अब देखना यह है कि 26 फरवरी को जब ये दोनों सितारे हमेशा के लिए एक-दूजे के होंगे, तो वे अपनी पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर कब साझा करते हैं।