
Makeup Tips For Monsoon: मानसून के मौसम में बारिश या उमस की वजह से मेकअप जल्दी खराब होने लगता है। इसके साथ ही कई बार मेकअप केकी दिखने के साथ ही चेहरे पर फैल भी जाता है। ऐसे में अगर आप चाहती हैं कि बारिश में भीगने के बाद भी आपका मेकअप लंबे समय तक फेस पर टिका रहे और नेचुरल दिखे, तो आप यहां बताए गए टिप्स को फॉलो करके मेकअप कर सकती हैं। इन आसान स्टेप्स को फॉलो करने से आप फ्लॉलेस और लॉन्ग लास्टिंग लुक पा सकती हैं।
मेकअप शुरू करने से पहले चेहरे को अच्छी तरह साफ करें। इसके बाद क्लींजिंग, टोनिंग और मॉइस्चराइजिंग यानी सीटीएम करें। इससे त्वचा हाइड्रेट रहती है और मेकअप केकी नजर नहीं आता।
सीटीएम के बाद चेहरे पर अपनी स्किन टाइप के अनुसार अच्छी क्वालिटी का प्राइमर लगाएं। प्राइमर मेकअप को लंबे समय तक टिकाए रखने में मदद करता है। साथ ही चेहरे के खुले पोर्स को स्मूद दिखाता है, जिससे मेकअप ज्यादा फिनिश्ड नजर आता है।
मानसून में टिंटेड सनस्क्रीन या वाटरप्रूफ और वाटर रेसिस्टेंट लाइटवेट फाउंडेशन का इस्तेमाल करें। इसे ब्यूटी ब्लेंडर या ब्रश की मदद से अच्छी तरह ब्लेंड करें, ताकि बेस नेचुरल दिखे।
चेहरे को अच्छी शेप देने के लिए हल्की कंटूरिंग करें। इसके बाद लिक्विड ब्लश लगाएं। लिक्विड ब्लश बारिश के मौसम में पाउडर ब्लश की तुलना में बेहतर तरीके से टिक सकता है।
बेस मेकअप को लंबे समय तक टिकाए रखने और उसे केकी होने से बचाने के लिए हल्का ट्रांसलूसेंट या सेटिंग पाउडर लगाकर मेकअप को सेट करें।
आइब्रो को साफ और शेप में रखने के लिए टिंटेड आइब्रो जेल या आइब्रो वैक्स का इस्तेमाल करें। इससे आइब्रो लंबे समय तक सेट रहती हैं और लुक भी अच्छा लगता है।
आंखों के मेकअप के लिए हमेशा वाटरप्रूफ मस्कारा और आईलाइनर चुनें। इससे बारिश या पसीने की वजह से आई मेकअप फैलने की संभावना कम रहती है।
पूरा मेकअप करने के बाद अच्छे मेकअप फिक्सर स्प्रे का इस्तेमाल करें। यह मेकअप को लंबे समय तक सेट रखने में मदद करता है और बारिश या उमस के कारण मेकअप जल्दी खराब नहीं होता।