Kim Ju Ae Daughter of Kim Jong Un:एक ऐसे देश में, जहां सत्ता पीढ़ियों से एक ही परिवार में रही है, Kim Ju Ae की सार्वजनिक मौजूदगी कई बड़े संकेत दे रही है। सवाल उठ रहा है क्या Kim Jong Un अपनी विरासत बेटी को सौंपने की तैयारी कर रहे हैं? और क्या नॉर्थ कोरिया इतिहास रचते हुए अपनी पहली महिला तानाशाह की ओर बढ़ रहा है?
Kim Ju Ae Daughter of Kim Jong Un: नन्हीं उम्र, बड़ी जिम्मेदारी Kim Ju Ae का नाम इन दिनों पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बना हुआ है। नॉर्थ कोरिया के सर्वोच्च नेता Kim Jong Un की बेटी Kim Ju Ae को लगातार अहम सैन्य कार्यक्रमों और मिसाइल लॉन्च जैसे हाई-प्रोफाइल मौकों पर देखा जा रहा है। यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय एक्सपर्ट्स उन्हें देश की संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर देखने लगे हैं।
किम जू ऐ का जन्म 2012 या 2013 के आसपास माना जाता है। इस हिसाब से उनकी उम्र फिलहाल 12 से 14 साल के बीच आंकी जाती है। वह उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन और उनकी पत्नी री सोल जू की संतान हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, किम दंपति के तीन बच्चे हैं और किम जू ऐ मंझली संतान बताई जाती हैं।उत्तर कोरिया में शासक परिवार की निजी जिंदगी पूरी तरह गोपनीय रहती है, इसलिए उनकी उम्र और पारिवारिक विवरण को लेकर आधिकारिक पुष्टि शायद ही कभी की जाती है।
दुनिया ने किम जू ऐ को पहली बार नवंबर 2022 में एक मिसाइल परीक्षण कार्यक्रम के दौरान देखा, जो उत्तर कोरिया की सैन्य ताकत का प्रतीक माना जाता है। इसके बाद वह अपने पिता के साथ मिलिट्री परेड, राष्ट्रीय समारोह और किम जोंग इल व किम इल सुंग के समाधि स्थल जैसे अहम और प्रतीकात्मक मौकों पर नजर आती रही हैं।
किम परिवार की तरह ही किम जू ऐ की जिंदगी भी रहस्यों से घिरी हुई है। उनके स्कूल, प्रशिक्षण, दैनिक जीवन या भविष्य की भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।लेकिन इतना तय माना जा रहा है कि नन्हीं उम्र में बड़ी जिम्मेदारी की ओर उनका सफर शुरू हो चुका है और दुनिया की नजरें अब उसी पर टिकी हैं।
दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी (NIS) के मुताबिक किम जू ऐ को लीडरशिप ट्रेनिंग दी जा रही है और वह बीते कुछ सालों से अपने पिता के साथ लगातार सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर आ रही हैं, जिसे सत्ता हस्तांतरण का संकेत माना जा रहा है। सरकारी मीडिया भी उन्हें ऐसे सम्मानजनक विशेषणों से संबोधित कर रहा है जो आमतौर पर शीर्ष नेतृत्व के लिए इस्तेमाल होते हैं, साथ ही उन्हें खास ऐतिहासिक और भावनात्मक स्थलों पर ले जाया गया है। इन्हीं संकेतों के आधार पर विशेषज्ञ मानते हैं कि किम जू ऐ को धीरे-धीरे जनता के सामने संभावित उत्तराधिकारी के रूप में स्थापित किया जा रहा है।
उत्तर कोरिया को अक्सर दुनिया की एकमात्र कम्युनिस्ट राजशाही कहा जाता है। किम इल सुंग से शुरू होकर किम जोंग इल और फिर किम जोंग उन तक सत्ता पीढ़ी दर पीढ़ी चली आई है।अब अगर किम जू ऐ सत्ता संभालती हैं, तो वह इस वंश की चौथी पीढ़ी की नेता होंगी और संभवतः दुनिया की सबसे कम उम्र की तानाशाह।हालांकि, उत्तर कोरिया ने आधिकारिक रूप से उन्हें उत्तराधिकारी घोषित नहीं किया है, लेकिन जिस तरह से उन्हें मंच पर लाया जा रहा है, उसने अटकलों को और मजबूत कर दिया है।