AC Compressor Exploded Like Bomb: बम की तरह AC का कंप्रेसर फट गया। आग की लपटें विकराल होने के बाद आस-पास अफरातफरी मच गई। जानिए पूरा मामला क्या है?
AC Compressor Exploded Like Bomb: लखनऊ के आलमबाग क्षेत्र स्थित आशियाना इलाके में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक निजी रेस्टोरेंट के बैंक्वेट हॉल में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे परिसर में धुआं फैल गया।
रेस्टोरेंट संचालक शैलेंद्र यादव के मुताबिक, सुबह करीब 10:30 बजे कर्मचारियों ने रसोई की चिमनी से धुआं निकलते देखा। शुरुआत में स्थिति सामान्य लगी, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैलने लगी। जब तक कर्मचारी कुछ समझ पाते, तब तक लपटें पूरे बैंक्वेट हॉल में फैल चुकी थीं।
आग की भयावहता के बीच अचानक AC का कंप्रेसर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी दहशत में आ गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग सक्रिय हो गया। आलमबाग फायर स्टेशन से अधिकारी धर्मपाल सिंह दो दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा पीजीआई, हजरतगंज और इंदिरानगर से भी एक-एक गाड़ी बुलाई गई। कुल 5 दमकल गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दमकल टीम ने सबसे पहले बैंक्वेट हॉल के कांच तोड़कर अंदर भरे धुएं को बाहर निकाला। इसके बाद आग बुझाने की प्रक्रिया शुरू की गई। दमकल कर्मियों की सूझबूझ और तत्परता से आग को आसपास के इलाकों में फैलने से रोक लिया गया।
आग की तेज गर्मी का असर आसपास की दुकानों पर भी पड़ा। बगल के एक शोरूम की दीवार में लगे पीवीसी पैनल पूरी तरह पिघल गए। इससे वहां भी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कुछ ही महीनों पहले इस रेस्टोरेंट और बैंक्वेट हॉल का लाखों रुपये की लागत से पुनर्निर्माण कराया गया था। ऐसे में आग लगने की घटना से संचालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
अग्निशमन सेवा अधिकारी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, विस्तृत जांच के बाद ही सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
अगर आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता, तो यह घटना और भी गंभीर रूप ले सकती थी। दमकल विभाग की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल, प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।