अवैध रेत खनन मामले को लेकर भले ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को घेरने की कोशिश की जा रही हो, लेकिन वह इससे परेशान नहीं हैं।
लखनऊ. अवैध रेत खनन मामले को लेकर भले ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को घेरने की कोशिश की जा रही हो, लेकिन वह इससे परेशान नहीं हैं। सोशल मीडिया पर मंगलवार रात उन्होंने एक तस्वीर शेयर की जिसमें वह अपने परिवार के साथ एक कमरे में बैठे दिख रहे हैं। और खुद पर अवैध खनन को लेकर लग रहे इल्जामों पर वह अप्रत्यक्ष रूप से सरकार को करारा जवाब दे रहे हैं।
तस्वीर शेयर कर कहा लिखा यह-
अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की है जिसमें वे अपनी पत्नी डिंपल यादव व अपने बच्चों टीना अदिति और अर्जुन के साथ दिख रहे हैं। सभी बेफिक्र होकर अपने-अपने काम में व्यस्त दिख रहे हैं। अखिलेश टीवी देख रहे हैं। तो बच्चों लैपटॉप और मोबाइल में बिजी मालूम हो रहे हैं। इसी के साथ वो लिखते हैं कि "दुनिया जानती है इस ख़बर में हुआ है मेरा ज़िक्र क्यों, बदनीयत है जिसकी बुनियाद उस ख़बर से फ़िक्र क्यों।"
मामले में अखिलेश ने दिया था यह बयान-
शनिवार को आईएएस बी. चंद्रकला के ठिकानों पर सीबीआई छापे के बाद सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को सोमवाप को बयान जारी कर इसे भाजपा की साजिश करार दिया था। उन्होंने कहा कि बीजेपी झूठ बोलने में माहिर है। लोहिया सभागार में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि देश 2019 में नया प्रधानमंत्री चाहता है। उन्होंने कहा कि जनता सीबीआई का जवाब बेहतर तरीके से देगी। सीबीआई से अभी कोई समन या नोटिस नहीं आई है।