लखनऊ

अखिलेश यादव की PDA यात्रा पर सुनील भराला का हमला, बोले- पीडीए कौन है, भ्रम की राजनीति अब नहीं चलेगी

PDA Yatra: अखिलेश यादव की पीडीए रथ यात्रा के ऐलान पर भाजपा नेता सुनील भराला ने हमला बोला। उन्होंने पीडीए को लेकर सवाल उठाते हुए भ्रम की राजनीति नहीं चलने की बात कही।
2 min read
Jul 16, 2026
Akhilesh Yadav
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव

Akhilesh Yadav PDA Rath Yatra: उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की सितंबर में प्रस्तावित समाजवादी पीडीए (PDA) रथ यात्रा को लेकर भाजपा ने हमला बोला है। भाजपा नेता सुनील भराला ने अखिलेश की पीडीए राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब जनता भ्रम की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में फिर सरकार बनाएगी।

पीडीए कहां है, कौन है- सुनील भराला

सुनील भराला ने कहा कि पीडीए कहां है, पीडीए कौन है, 2024 में उन्होंने पूरे उत्तर प्रदेश में लोगों को गुमराह करने की कोशिश की थी। उन्होंने पूरे राज्य में भ्रम फैलाया था। उनका सारा दुष्प्रचार विफल हो गया है और अब यह बिल्कुल स्पष्ट है कि उनका सफाया हो गया है। भारतीय जनता पार्टी 2017 का रिकॉर्ड तोड़ेगी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनाएगी।

सितंबर में शुरू होगी अखिलेश की PDA रथ यात्रा

समाजवादी पार्टी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी है। अखिलेश यादव सितंबर के पहले सप्ताह से समाजवादी PDA रथ यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। इस यात्रा के जरिए सपा प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों तक पहुंचने और अपने सामाजिक समीकरण को मजबूत करने की तैयारी में है।

अखिलेश यादव इस यात्रा की शुरुआत किसी बड़े हिंदू धार्मिक स्थल से कर सकते हैं। इसमें अयोध्या, मथुरा या वाराणसी जैसे नामों पर चर्चा चल रही है। हालांकि अभी तक पार्टी की ओर से यात्रा की शुरुआत को लेकर अंतिम फैसला नहीं किया गया है।

403 विधानसभा सीटों तक पहुंचेगी यात्रा

अखिलेश यादव की रथ यात्रा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों और 75 जिलों को कवर करने की तैयारी में है। यात्रा का मुख्य फोकस PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को जोड़ने की रणनीति पर रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जाट और गुर्जर बहुल इलाकों पर भी पार्टी विशेष ध्यान देगी। बुलंदशहर और मुरादाबाद मंडल जैसे क्षेत्रों को अहम माना जा रहा है।

अखिलेश खुद संभालेंगे यात्रा की कमान

इस रथ यात्रा की कमान खुद अखिलेश यादव संभालेंगे। यात्रा की तैयारियों में पार्टी के सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता जुटेंगे। सांसद डिंपल यादव, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे और शिवपाल सिंह यादव समेत कई बड़े नेता इसमें भूमिका निभा सकते हैं।

2027 चुनाव से पहले यूपी में बढ़ी राजनीतिक हलचल

उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव में अभी समय बाकी है, लेकिन दोनों प्रमुख दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। लोकसभा चुनाव 2024 में समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में अच्छा प्रदर्शन किया था और सबसे ज्यादा सीटें जीती थीं। वहीं भाजपा भी सत्ता में वापसी और 2017 के प्रदर्शन को दोहराने के लक्ष्य के साथ चुनावी तैयारियों में जुटी है।

Updated on:
16 Jul 2026 07:09 pm
Published on:
16 Jul 2026 07:09 pm