कांग्रेस की बैठक में पदाधिकारियों ने सुझाव दिए हैं कि पार्टी को जनता के बीच जाना चाहिए। इसके लिए आंदोलन और यात्रा सशक्त माध्यम है।
LokSabha Election 2024: लोकसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में कांग्रेस अपने संगठन के ढांचे को मजबूत करने में जुटी है। कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए कांग्रेस यूपी में एक पद यात्रा निकाल सकती है। इसके संकेत होने वाले लोकसभा चुनाव के सिलसिले में हुई बैठक के दौरान मिले हैं।
कांग्रेस की बैठक में पदाधिकारियों ने सुझाव दिए हैं कि पार्टी को जनता के बीच जाना चाहिए। इसके लिए आंदोलन और यात्रा सशक्त माध्यम है। वहां पर मौजूद एक पदाधिकारी ने जिक्र किया कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा काफी सराही गई है। इस यात्रा ने कांग्रेस को पूरे देश में बूस्टर डोज दी है। ऐसी ही लोकसभा चुनाव के पहले अगर यूपी में पैदल यात्रा निकाली जाएगी तो लोगों से जुड़ाव होगा और पार्टी को भी मजबूती मिलेगी।
दिसंबर में निकल सकती है पदयात्रा
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि पार्टी को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास हो रहे हैं। वरिष्ठ पदाधिकारियों से जो भी सुझाव मिले है। उन पर विचार किया जायेगा। हम लोग दिसंबर में एक पद यात्रा की योजना बना रहे हैं। हालांकि उसका स्वरूप और रूट क्या होगा। इस बारे में जब रणनीति बनेगी तब जानकारी दी जाएगी।
वहीं, कांग्रेसियों का मानना है कि पद यात्रा के माध्यम से हम संगठन की ताकत तो बढ़ाएंगे ही। इसके अलावा जो नाराज लोग भी इसमें जुड़ेंगे तो पार्टी की शक्ति और बढ़ जायेगी।
जनता के जुड़े मुद्दों को उठाकर लोगों को जोड़ा जा सकता है: प्रदेश प्रवक्ता
कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। पदाधिकारियों की बैठक में जो सुझाव आए है। उसमें से मुख्य रूप से जनता के जुड़े मुद्दों पर आंदोलन और पदयात्रा के माध्यम से लोगों से जुड़ा जा सकता है। वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को देखते हुए पार्टी दिसंबर से पदयात्रा की योजना पर काम कर रही हैं। जल्द ही इसका पूरा प्रारूप शीघ्र ही सबके सामने सार्वजनिक होगा।