
भीषण गर्मी और लू के चलते 22 मई से सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित, प्रशासन ने जारी किया आदेश (फोटो सोर्स : AI)
School Holiday Summer Vacation: लखनऊ में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए सभी शैक्षणिक बोर्डों से संचालित विद्यालयों में समय से पहले ग्रीष्मावकाश घोषित कर दिया गया है। जिलाधिकारी लखनऊ द्वारा जारी आदेश के अनुसार 22 मई 2026 से सभी स्कूल बंद रहेंगे। यह आदेश सरकारी और निजी दोनों प्रकार के विद्यालयों पर लागू होगा।
मौसम विभाग द्वारा लगातार जारी हीटवेव अलर्ट के बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया है।भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी की थी कि प्रदेश में तापमान सामान्य से काफी अधिक रहेगा और लू का असर तेज होगा। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रों के हित में यह निर्णय लिया है।
प्रशासन के अनुसार कुछ विद्यालयों ने अभी तक ग्रीष्मावकाश घोषित नहीं किया था, जिससे बच्चों को तेज धूप और लू में स्कूल आना-जाना पड़ रहा था।इस स्थिति को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने तत्काल आदेश जारी कर सभी स्कूलों को बंद करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि आदेश का पालन अनिवार्य होगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी स्कूल में नियमों का उल्लंघन न हो। आदेश की प्रति निम्न विभागों को भेजी गई है
इस फैसले के बाद अभिभावकों और छात्रों ने राहत की सांस ली है। गर्मी के कारण कई बच्चों में डिहाइड्रेशन, कमजोरी और बीमारियों की शिकायतें भी सामने आ रही थीं। डॉक्टरों ने भी सलाह दी थी कि बच्चों को दोपहर की तेज धूप से दूर रखा जाए।
लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं और लू के थपेड़े लोगों को परेशान कर रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर 12 से 4 बजे तक बाहर न निकलें। पर्याप्त पानी पिएं। हल्के और सूती कपड़े पहनें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें
प्रशासन ने कहा है कि यह फैसला पूरी तरह जनहित में लिया गया है।छात्रों की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं लिया जा सकता।
संबंधित विषय:
Updated on:
21 May 2026 09:34 pm
Published on:
21 May 2026 09:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
