लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में भाजपा विधायक विनय कुमार द्विवेदी के भतीजे शिवम त्रिपाठी का शव उनके फ्लैट में फंदे से लटका मिला।
BJP MLA Nephew Commits suicide: लखनऊ से एक बहुत बड़ी खबर सामने आई है। गोंडा जिले के मेहनौन विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक विनय कुमार द्विवेदी के भतीजे शिवम त्रिपाठी का शव उनके फ्लैट में मिला। शव बेडशीट के सहारे पंखे से लटका हुआ था। परिजनों का कहना है कि बिजनेस पार्टनर्स ने धोखाधड़ी की, जिससे वह काफी परेशान थे।
शिवम त्रिपाठी बलरामपुर के रहने वाले थे। वे लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में रिश्ता मैनहैटन टावर A2, फ्लैट नंबर 407 में किराए पर रहते थे। 1 फरवरी की शाम मकान मालिक फ्लैट पहुंचा। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर उसने सिक्योरिटी गार्ड को बुलाया। वीडियो बनाते हुए दरवाजा तोड़ा, तो अंदर शिवम फंदे से लटकते मिला। मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को बुलाया। शव को नीचे उतारा गया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच जारी है।
परिजनों का आरोप है कि शिवम प्रॉपर्टी बिजनेस में पार्टनर्स के साथ था। पार्टनर्स ने धोखा दिया और पैसे का घपला किया। इससे वह मानसिक रूप से बहुत परेशान था। करीब एक हफ्ते पहले 24 जनवरी को शिवम ने इंस्टाग्राम पर जिम करते हुए वीडियो पोस्ट किया। कैप्शन में लिखा कि आपका बुरा भगवान नहीं, हम करेंगे। वीडियो में गाना था कि हम थोड़े अलग किस्म के आदमी हैं… अगर हमारा बुरा आपने किया है, तो आपका बुरा भगवान नहीं, हम ही करेंगे।
सुशांत गोल्फ सिटी थाने में परिजनों ने आरोपी पार्टनर्स के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। यह मामला आर्थिक धोखाधड़ी और मानसिक तनाव से जुड़ा हुआ लगता है।