लखनऊ

दिल्ली में BSP का प्रदर्शन AIMIM से खराब, 42 सीटों पर मिले NOTA से भी कम वोट 

BSP in Delhi Elections 2025: दिल्ली चुनाव में बहुजन समाज पार्टी ने 68 सीटों पर चुनाव लड़ा। इस चुनाव में बसपा का प्रदर्शन ओवैसी की पार्टी से भी खराब रहा। वहीं, नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद भी फेल रहे।

3 min read
Feb 09, 2025

Delhi Elections 2025: दिल्ली चुनाव में बहुजन समाज पार्टी एक भी सीट पर जीत दर्ज नहीं कर पाई। हरियाणा के बाद इस चुनाव में भी बसपा का प्रदर्शन काफी खराब रहा। दिल्ली के 68 सीटों पर मायावती की पार्टी ने उम्मीदवार उतारे थे, जिसके बाद उसे मात्र 0.58% वोट मिले।

AIMIM से भी नीचे गिरा बसपा का ग्राफ

वहीं, आल इंडिया मजलिस इत्तेहादुल मुस्लेमीन यानी AIMIM की बात करें तो इसने दिल्ली के 5 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें उसे 0.78% वोट मिले। इससे यह बात तो साफ है कि इस चुनाव में बसपा का ग्राफ AIMIM से भी नीचे जा चुका है।

2008 के बाद से गिरता चला गया बसपा का ग्राफ

जिस बहुजन समाज पार्टी को आज 0.58% वोट मिले हैं, कभी उसी पार्टी के दिल्ली में विधायक हुआ करते थे। साल 2008 में बसपा का वोट शेयर दिल्ली चुनाव में 14 प्रतिशत था और दिल्ली में पार्टी के दो विधायक भी थे। उस समय उत्तर प्रदेश में बसपा की सरकार थी और पार्टी अच्छे दौर से गुजर रही थी। इसके बाद से बसपा गिरना शुरू हुई और ग्राफ गिरता ही चला गया। साल 2013 के चुनाव में बसपा का वोट शेयर 5.35% पर आ गया। साल 2015 में 1.30%, 2020 में 0.71% और 2025 में 0.58% रह गया।

बसपा प्रमुख मायावती

देवली सीट पर बसपा को मिले सबसे ज्यादा वोट

दिल्ली विधानसभा चुनाव में बसपा को सबसे ज्यादा वोट देवली (सुरक्षित) सीट पर मिले, जहां उसे 2,581 वोट हासिल हुए। वहीं, सबसे कम वोट मटिया महल सीट पर मिले, जहां पार्टी को सिर्फ 130 वोट ही मिल सके। 53 सीटों पर बसपा 1,000 वोट के आंकड़े को भी नहीं छू पाई। दिलचस्प बात यह रही कि 68 में से 42 सीटों पर बसपा को नोटा से भी कम वोट मिले, जिससे पार्टी की दिल्ली में कमजोर होती स्थिति साफ नजर आई।

दिल्ली में नहीं चला आजाद समाज पार्टी का जादू

उत्तर प्रदेश की नगीना सीट से सांसद चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी कांशीराम ने मिल्कीपुर के साथ-साथ दिल्ली में भी चुनाव लड़ा था। दिल्ली की 8 सीटों पर पार्टी ने अपने उम्मीदवार उतारे, जिसके बावजूद पार्टी अपनी छाप नहीं छोड़ पाई। 8 में से मात्र 2 सीटें ऐसी थी, जहां पार्टी ने बसपा से ज्यादा वोट हासिल किए। नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में आजाद समाज पार्टी कांशीराम के प्रत्याशी को सबसे अधिक 3080 वोट मिले।

चंद्रशेखर आजाद

AIMIM ने 2 सीटों पर दी कड़ी टक्कर

असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने दिल्ली की 5 सीटों पर चुनाव लड़ा, जिसमें से 2 सीटों पर भाजपा और आप के प्रत्याशियों को कड़ी टक्कर दी। AIMIM को सबसे ज्यादा वोट ओखला में मिले, जहां पर उसने 39558 वोट हासिल किए। इस सीट पर आप प्रत्याशी ने 23 हजार वोटों से जीत दर्ज की। वहीं, मुस्तफाबाद में AIMIM के मोहम्मद ताहिर हुसैन को 33470 वोट मिले। यहां भाजपा ने जीत का परचम लहाराया।

असदुद्दीन ओवैसी
Also Read
View All

अगली खबर