लखनऊ

दिव्या मर्डर केस: एलिमनी में 1.5 करोड़ की मांग और ननद से विवाद, SBI अफसर ने 2 दिन रेकी कर 30 मिनट में मिटा दिया पूरा कुनबा

Lucknow Murder Case: लखनऊ में बैंक मैनेजर दिव्या मिश्रा, उनकी ननद और SBI अधिकारी पति मानस बाजपेयी की मौत के मामले में पुलिस जांच की अहम जानकारी सामने आई है। जांच के मुताबिक 1.5 करोड़ रुपए गुजारा-भत्ता (एलिमनी) की मांग और मानसिक रूप से बीमार ननद को साथ न रखने का विवाद वारदात का कारण बना, जिसके बाद पति ने 2 दिन रेकी करने के बाद 30 मिनट के भीतर दोनों की हत्या कर खुद को भी गोली मार ली।
2 min read
Aug 22, 2026
Divya Mishra Murder
मानस बाजपेयी और दिव्या मिश्रा (X Photo kumar sauvir)

Divya Mishra Murder Case: लखनऊ के गोमती नगर में गुरुवार को पत्नी की हत्या करने और इसके बाद खुद को गोली मारने वाले बैंककर्मी मानस बाजपेयी के मामले में पुलिस की जांच अब 1.5 करोड़ रुपये के वैवाहिक समझौते की मांग तक पहुंच गई है। पुलिस को शक है कि 18 अगस्त को फैमिली कोर्ट में तलाक के मामले की सुनवाई के दौरान सामने आई इस मांग के बाद मानस तनाव में आ गया था। इसके बाद उसने हमले की तैयारी शुरू की। जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद, घरेलू तनाव और मानस की छोटी बहन शीबा को लेकर मतभेद को भी शामिल किया गया है।

1.5 करोड़ रुपये का मांगा गुजार भत्ता

पुलिस के मुताबिक, 18 अगस्त को फैमिली कोर्ट में तलाक के मामले की सुनवाई हुई थी। इसी दौरान दिव्या मिश्रा की ओर से 1.5 करोड़ की एलिमनी की मांग सामने आई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुनवाई के बाद मानस काफी परेशान था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इसी तनाव ने उसे वारदात के लिए उकसाया या इसके पीछे कोई दूसरी वजह भी थी।

दिव्या ने की थी लव मैरिज, एक साल पहले ही छोड़ दिया था घर

मानस और दिव्या ने साल 2017 में प्रेम विवाह किया था। शुरुआती दिनों में सब कुछ ठीक रहा, लेकिन धीरे-धीरे घरेलू बातों पर अनबन शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दिव्या मानस से अलग रहने लगी थी, हालांकि 2018 में जब मानस की मां को कैंसर होने की बात पता चली, तो वह दोबारा उनके साथ आकर रहने लगी।

बाद में मानस की छोटी बहन शीबा को लेकर दोनों के बीच फिर से मतभेद गहराने लगे। पारिवारिक तनाव के चलते नवंबर 2025 से दोनों पूरी तरह अलग रहने लगे थे। आखिरकार, दिव्या ने इसी साल जनवरी में अदालत में तलाक की अर्जी दाखिल कर दी थी।

दिव्या ननद के साथ नहीं रहना चाहती थी

पुलिस अब मानस की छोटी बहन शीबा (28) को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद की भी जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि दिव्या शीबा के साथ नहीं रहना चाहती थी। पुलिस को शक है कि यह पारिवारिक विवाद भी दोनों के रिश्ते में बढ़ती दूरी की एक बड़ी वजह रहा हो सकता है।

ऑफिस के बाहर पत्नी को मारी गोली

गुरुवार दोपहर मानस ने गोमती नगर में दिव्या के कार्यस्थल के बाहर उसे गोली मार दी। दिव्या एक निजी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर काम करती थी। वारदात के बाद मानस अपने हुसड़िया के पास स्थित घर पहुंचा, जहां उसने कथित तौर पर खुद को कमरे में बंद कर लिया और अपनी जान ले ली।

पुलिस के मुताबिक, घर पहुंचने के बाद मानस ने कमरे में टीवी की आवाज काफी तेज कर दी थी। जांचकर्ताओं को शक है कि ऐसा उसने गोली चलने की आवाज को दबाने के लिए किया होगा। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि घर पहुंचने के बाद उसने वारदात को किस तरह अंजाम दिया।

Updated on:
22 Aug 2026 10:22 am
Published on:
22 Aug 2026 10:22 am