लखनऊ

सपा का आरोप- जंतर मंतर पर आंदोलन में लड़कियों के कपड़े फाड़े गए, कांग्रेस ने कहा- PM मोदी इतिहास के सबसे युवा-विरोधी प्रधानमंत्री

Jantar Mantar Protest News: नीट पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर जुटे छात्र और विपक्ष। राहुल गांधी, अखिलेश यादव और डिंपल यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया।
2 min read
Jul 20, 2026
Jantar Mantar Protest
डिंपल यादव ने लगया आरोप छात्रों के साथ हुई अभद्रता

Samajwadi Party Protest News: नीट पेपर लीक और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास का सबसे युवा-विरोधी प्रधानमंत्री बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। वहीं, समाजवादी पार्टी ने प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज और छात्राओं के साथ अभद्रता का आरोप लगाया। डिंपल यादन ने आरोप लगाया कि क्या यही आपका नया भारत है, जहां बेटियों के कपड़े फाड़े जाते हैं, हम कई ऐसे छात्रों से मिले जिनके कपड़े फाड़े गए थे। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।

डिंपल यादव का आरोप छात्रों के साथ हुई अभद्रता

सपा सांसद डिंपल यादव ने पूरे घटनाक्रम को लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह दिन देश के इतिहास में काले दिन के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र अपने अधिकारों की आवाज उठाने के लिए शांतिपूर्वक दिल्ली पहुंचे थे। उनके पास केवल अपने बैग थे, लेकिन उनके साथ लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने कहा, 'कई छात्राओं ने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।'

'PM मोदी इतिहास के सबसे बड़े युवा विरोधी प्रधानमंत्री'

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को भारत के इतिहास का सबसे युवा-विरोधी प्रधानमंत्री बताया। उन्होंने कहा कि 152 पेपर लीक से 7.5 करोड़ छात्र प्रभावित हुए, लेकिन किसी दोषी को सजा नहीं मिली। राहुल ने आरोप लगाया कि छात्रों को न्याय देने के बजाय उन पर लाठीचार्ज और हिरासत की कार्रवाई की गई, जबकि पेपर लीक के आरोपी खुले घूम रहे हैं।

लाठीचार्ज में छात्रों के सिर से खून बह रहा था- इकरा हसन

सपा सांसद इकरा हसन ने कहा कि छात्रों और युवाओं के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह बेहद दुखद है। उन्होंने आरोप लगाया कि लाठीचार्ज में कई छात्रों के सिर से खून बह रहा था। उन्होंने कहा कि छात्र केवल शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि न तो प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग की जा रही थी और न ही सरकार गिराने की कोई बात हो रही थी।

युवाओं पर लाठीचार्ज, छोड़े गए आंसू गैस के गोले

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार और पुलिस का रवैया पूरे देश ने देखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों और युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया, आंसू गैस के गोले छोड़े गए और सादे कपड़ों में मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि सरकार को अंदाजा नहीं था कि इतनी बड़ी संख्या में छात्र और युवा दिल्ली पहुंचेंगे। उनके अनुसार यह सरकार की बड़ी विफलता है और यही वजह है कि देशभर के युवा एकजुट होकर अपनी आवाज उठा रहे हैं।