लखनऊ

लखनऊ में फिर शुरू हुआ पोस्टर वॉर, सपा मुख्यालय के बाहर ‘एयरपोर्ट घोटाले’ की होर्डिंग; 1,110 करोड़ खर्च पर उठाए सवाल

Samajwadi Party Hoarding War Lucknow: लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर लगी नई होर्डिंग से राजनीतिक बहस तेज हो गई है। RTI रिपोर्ट का हवाला देते हुए सपा का दावा है कि राज्य में 1,110 करोड़ की लागत से बने 7 में से 6 नए एयरपोर्ट्स पर उड़ानें बंद हैं।
2 min read
Aug 22, 2026
lucknow sp headquarters hoarding up airport scam
लखनऊ में सपा मुख्यालय के बाहर लगी होर्डिंग।

Hallu Ram Sundar Yadav SP: लखनऊ में सियासी होर्डिंग वार एक बार फिर तेज हो गई है। शनिवार को समाजवादी पार्टी मुख्यालय के बाहर सपा नेता हल्लू राम सुंदर यादव की ओर से एक होर्डिंग लगाई गई। इसमें उत्तर प्रदेश में एयरपोर्ट निर्माण और उड़ानों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए गए हैं। होर्डिंग में इसे ‘एयरपोर्ट घोटाला’ बताते हुए करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद छह एयरपोर्ट पर उड़ानें बंद होने का दावा किया गया है।

होर्डिंग के सबसे ऊपर लिखा है कि उत्तर प्रदेश में एयरपोर्ट घोटाला, करोड़ों खर्च, 6 एयरपोर्ट बंद, यह कैसा विकास?’ इसके नीचे आरटीआई के हवाले से दावा किया गया है कि वर्ष 2021 के बाद शुरू हुए सात एयरपोर्ट में से छह पर उड़ानें बंद हो चुकी हैं।

सात एयरपोर्ट और निर्माण लागत का किया जिक्र

होर्डिंग में अयोध्या, कुशीनगर, आजमगढ़, अलीगढ़, मुरादाबाद, चित्रकूट और श्रावस्ती एयरपोर्ट का विवरण दिया गया है। इसमें इनके निर्माण पर खर्च हुई रकम भी बताई गई है।

होर्डिंग के मुताबिक, अयोध्या एयरपोर्ट पर 240 करोड़ रुपये, कुशीनगर पर 170 करोड़, आजमगढ़ पर 140 करोड़, अलीगढ़ पर 100 करोड़ से अधिक, मुरादाबाद पर 120 करोड़, चित्रकूट पर 160 करोड़ और श्रावस्ती एयरपोर्ट पर 170 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। पोस्टर में इन सभी की कुल लागत 1110 करोड़ रुपये बताई गई है।

‘सिर्फ अयोध्या में जारी है उड़ान’

सपा नेता की ओर से लगाई गई होर्डिंग में दावा किया गया है कि इन सात एयरपोर्ट में से सिर्फ अयोध्या एयरपोर्ट पर ही उड़ानें जारी हैं, जबकि छह एयरपोर्ट पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी उड़ानें बंद हैं।

पोस्टर में लिखा गया है कि ना यात्रियों की सुविधा, न क्षेत्र का विकास। यह विकास नहीं, जनता के साथ धोखा है।’ साथ ही आरटीआई के जरिए इस स्थिति का खुलासा होने का दावा किया गया है।

सरकार से मांगा एयरपोर्ट का हिसाब

होर्डिंग लगवाने वाले सपा नेता हल्लू राम सुंदर यादव ने सरकार पर विकास के नाम पर जनता का पैसा बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार सात एयरपोर्ट बनवाने का दावा करती है, लेकिन इनमें से सिर्फ एक पर उड़ानें चल रही हैं। उन्होंने एयरपोर्ट निर्माण में भी घोटाले का आरोप लगाते हुए सरकार से सभी सात एयरपोर्ट पर हुए खर्च का हिसाब जनता के सामने रखने की मांग की। साथ ही बंद एयरपोर्ट से उड़ानें तत्काल शुरू कराए जाने की मांग की।

Updated on:
22 Aug 2026 02:01 pm
Published on:
22 Aug 2026 01:54 pm